सुक्खा काहलवां गैंग के तीन शातिर रिवाल्वर और दो तेजधार हथियारों सहित काबू
जालंधर देहात की क्राइम ब्रांच पुलिस ने करतारपुर से गैंगस्टर सुक्खा काहलवां गैंग के 3 शातिरों को एक रिवाल्वर और दो तेजधार हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। एसएसपी देहाती स्वर्णदीप सिंह ने बताया कि क्राइम ब्रांच के प्रभारी पुष्प बाली को सूचना मिली थी कि गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी निज्झर निवासी गांव जयरामपुर कपूरथला अपने साथियों तलजिंदर सिंह उर्फ मेहर लखन, सुखपाल सिंह उर्फ मंगा, विक्की और सुखपाल सिंह उर्फ मंगा ने मिलकर अलग गैंग बनाया है। इनके पास रिवाल्वर और तेजधार हथियार हैं जिसमें गुरप्रीत सिंह तलजिंदर सिंह और सुखपाल सिंह करतारपुर कपूरथला रोड पर स्थित वेयर हाउस के पीछे बैठ एटीएम लूटने की योजना बना रहे हैं। दूसरे साथी विक्की और नली जो गाड़ी लेकर आ रहे हैं अपने साथियों का इंतजार में हैं।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गैंग के तीन सदस्यों गुरप्रीत, तलजिंदर और सुखपाल सिंह को देसी पिस्टल, दो कारतूस और दो तेजधार हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया। गुरप्रीत उर्फ गोपी निज्झर को गैंगस्टर सुक्खा काहलवां का करीबी माना जाता था और उसके कत्ल का चश्मदीद गवाह भी था जिस पर पहले कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गुरप्रीत ही सुक्खा काहलवां की मौत के बाद गैंग को ऑपरेट करता था और ग्रुप में पोस्ट भी वही डालता है।
आरोपियों ने पूछताछ में कबूला कि तलजिंदर सिंह जोकि सुखबीर सिंह उर्फ सोखी निवासी गांव पत्तड़ खुर्द हाल वासी यूएसए, जो दोनों सहपाठी हैं, सोखी ने अपनी चचेरे भाई दलजीत सिंह (33) निवासी पत्तड़ खुर्द जोकि वेब डिजाइनिंग का काम करता है को जानी और माली नुकसान पहुंचाने की वीडियो बनाकर भेजने को कहा था जिसके एवज में दो लाख रुपये की डील हुई थी और 40 हजार रुपये एडवांस मिले थे। इस पर तलजिंदर ने अपने दोस्त गैंगस्टर सुक्खा काहलवां गैंग के ऑपरेटर गोपी से मुलाकात की। इसके बाद गांव पत्तड़ खुर्द के ही सुखपाल सिंह से दलजीत की रेकी करवाने के लिए रुपये 25000 की डील हुई थी। इसके बाद सुखपाल ने रेकी कर बताया कि दलजीत रोज सुबह 8 से 9 बजे के करीब घर पत्तड़ खुर्द से गांव पत्तड़ कलां दूध लेने के लिए आता है। हमले से पहले ही पुलिस ने आरोपियों को एटीएम लूट की योजना बनाते हुए गिरफ्तार कर लिया और अदालत में पेश कर 3 दिन का रिमांड लिया है ताकि अन्य वारदातों का खुलासा हो सके।