लुधियाना। लुधियाना जिले की 25 जिला परिषद और 235 ब्लॉक समिति सीटों पर 14 दिसंबर को हुए मतदान के बाद बुधवार को मतगणना का काम देर शाम तक जारी रहा। हालांकि, सभी परिणाम अभी तक घोषित नहीं हो सके, लेकिन शुरुआती रूझानों में आम आदमी पार्टी (आप) ने स्पष्ट रूप से अपनी स्थिति मजबूत की है। इसके अलावा, कांग्रेस दूसरे और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) तीसरे स्थान पर दिखाई दिए, जबकि आजाद उम्मीदवारों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया।
पिछली बार जिला परिषद चुनावों में कांग्रेस ने सभी 25 सीटों पर जीत हासिल की थी, लेकिन 2022 के विधानसभा चुनावों के बाद आप ने सत्ता में आने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी अपनी स्थिति मजबूत की। परिणामस्वरूप, इस बार जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनावों में आप ने अच्छा प्रदर्शन किया। देर शाम तक आ रहे रूझानों के अनुसार जिला परिषद की 12 सीटों पर आप, 8 पर कांग्रेस, 2 पर शिअद और 3 पर आजाद उम्मीदवार आगे चल रहे थे। वहीं, ब्लॉक समिति चुनावों में आप ने 72 सीटों पर बढ़त बनाई, जबकि कांग्रेस ने 53, शिअद ने 40 और भाजपा ने 3 सीटों पर लीड की। इन चुनावों में कुल 1,000 कर्मियों द्वारा मतगणना का कार्य सुबह से जारी था, क्योंकि चुनाव बैलेट पेपर से हुए थे। संवाद