अमृतसर। पंजाब में जिला ब्लॉक समिति चुनावों के परिणामों को लेकर भाजपा ने पंजाब सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा अमृतसर शहरी के जिलाध्यक्ष हरविंदर सिंह संधू ने कहा कि भगवंत मान सरकार ने सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करते हुए चुनाव में धांधली की। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव अधिकारियों ने भाजपा प्रत्याशी अर्पिता कौर और उनके काउंटिंग एजेंट के बिना ही वोटों की गिनती पूरी की और नतीजे घोषित कर दिए। अर्पिता कौर ने बताया कि बैलेट बॉक्स खोले जाने के दौरान भाजपा के काउंटिंग एजेंट को बिना बुलाए गिनती शुरू कर दी गई। जब वे पहुंचे, तो अधिकारियों ने उन्हें विजयी प्रत्याशी का परिणाम सुनाकर बाहर भेज दिया। इस पर भाजपा ने विरोध किया, लेकिन चुनाव अधिकारियों ने उनकी बात नहीं सुनी। हरविंदर सिंह संधू ने कहा कि यह कोई पहली बार नहीं है, पहले भी पंजाब सरकार ने विधानसभा उपचुनावों में धांधली की थी, जिसके खिलाफ भाजपा ने उच्च अधिकारियों से शिकायत की थी। संवाद