आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी जगदीप सिंह काका बराड़ ने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे अकालियों के पसीने छूटने लगे हैं। चुनाव में आम आदमी पार्टी के पक्ष में चल रही हवा देख अकाली बौखला गए हैं।
इससे आप की रैलियों में विघ्न डालने की चालें चल रहे हैं। अब अकाली नेताओं की ओर से 28 दिसंबर को आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल की लंबी हलके के गांव कोलियांवाली में होने वाली इंकलाब रैली को रोकने के लिए चालें चली जा रही हैं। मगर कोलियांवाली में केजरीवाल की रैली हर हाल में होकर रहेगी।
बराड़ ने यह बात मंगलवार को हलके के गांव गुलाबेवाला, चक्क गांधा सिंह वाला, खोखर व हराज में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि जब पार्टी के ऑब्जर्वर गांव कोलियांवाली में रैली स्थल देखने गए तो बौखलाहट में आए जत्थेदार दयाल सिंह कोलियांवाली अपने समर्थकों समेत वहां पहुंच गए और उन्हें रैली न करने की धमकियां देने लगे।
प्रशासन को जब इस बात से अवगत कराया गया तो उल्टा कोई कार्रवाई करने के बजाय रैली करने को मंजूरी न देते हुए मामले को लटकाने की कोशिश की गई। यह सब कुछ इस बार के चुनाव में आप की जीत तय होने के डर से घबराहट में आने से किया जा रहा है।