संवाद न्यूज एजेंसी
होशियारपुर। डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट पंजाब (डीटीएफ) ने बुधवार को जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनावों के दौरान शिक्षकों को झेलनी पड़ी बदइंतजामी और हादसों पर विरोध जताया। संगठन ने जिला प्रशासनिक परिसर, होशियारपुर के सामने प्रदर्शन किया और चुनाव आयोग तथा पंजाब सरकार के खिलाफ पुतला दहन किया।
डीटीएफ नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग और प्रशासन की लापरवाही के कारण शिक्षकों को जानलेवा हादसों का सामना करना पड़ा। 14 दिसंबर को मोगा जिले में चुनाव ड्यूटी के दौरान शिक्षक जसकरन भुल्लर और उनकी पत्नी कमलजीत कौर की कार नहर में गिरने से मौत हो गई। इसी तरह मूनक (संगरूर) में एसोसिएट शिक्षिका राजवीर कौर और पातड़ां में शिक्षिका परमजीत कौर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
डीटीएफ ने दिवंगत शिक्षक दंपति के बच्चों को दो-दो करोड़ रुपये मुआवजा देने, उनके लिए सरकारी नौकरी सुरक्षित करने और घायल शिक्षकों को मुआवजा देने की मांग की। साथ ही, चुनाव ड्यूटी में सुधार की मांग करते हुए नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि न्याय नहीं मिला तो आंदोलन तेज किया जाएगा।