फिरोजपुर। पुलिस ने सीमावर्ती गांव पीर इस्माइल खां के खेत से 508 ग्राम हेरोइन का पैकेट बरामद किया है। यह हेरोइन भारतीय तस्करों ने पाकिस्तानी तस्करों से मंगवाई थी। थाना सदर पुलिस की टीम बुधवार को गश्त पर थी तभी उन्हें एक मुखबिर से सूचना मिली कि पाकिस्तानी तस्करों से संपर्क कर भारतीय तस्करों ने हेरोइन की खेप गांव के खेतों में मंगवाई है। पुलिस ने सर्च अभियान चलाया और गुरुद्वारे के पास स्थित खेत से हेरोइन का पैकेट बरामद किया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस बड़ी बरामदगी से नशे के कारोबार पर कड़ी चोट पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। संवाद