फगवाड़ा। जिले में अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। होशियारपुर रोड पर सुबह करीब 6:30 बजे हुए सड़क हादसे में दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो बच्चे बाल बाल बच गए। कीमती लाल (40) वासी फगवाड़ा अपनी स्विफ्ट डिजायर में अपने लड़के अमित (8) और तरनतारन से छुट्टियों पर आए अपने भांजे करण (15) के साथ मां चिंतपूर्णी से माथा टेक कर वापस आ रहे थे। जब कीमती लाल होशियारपुर रोड पर गुरुद्वारा शहीदां खुरमपुर के पास पहुंचे तो अचानक कार नियंत्रण खोकर आगे जा रहे एक साइकिल सवार को कुचलते हुए सड़क किनारे सफेदे के पेड़ से जा टकराई। हादसे में कीमती लाल और साइकिल सवार गुरमेल चंद (55) वासी गांव खाटी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अमित और करण को मामूली चोंटे लगी। फगवाड़ा सदर पुलिस ने मामले में धारा 174 की कार्रवाई की है।
सोमवार देर रात गांव खुरमपुर के पास ही सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार दीपक कुमार वासी मंसा देवी और सिद्धार्थ वासी माडल टाउन फगवाड़ा की बाइक गांव खुरमपुर के पास आपस में भिड़ गई। हादसे में दोनों घायल हो गए। दीपक की मौके पर ही मौत हो गई। सिद्धार्थ को पहले सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसको रेफर कर दिया गया। बाद में सिद्धार्थ की भी मौत हो गई।