जालंधर। शुक्रवार रात करवा चौथ का व्रत खोलते वक्त संदिग्धावस्था में जहर निगलने से एक महिला की मौत हो गई। उसके पति ने कहा कि व्रत खोलने के बाद राधा ने जो दूध पिया, उससे उसकी मौत हुई है। एसीपी वेस्ट रविंदरपाल संधू यह तो दावा करते हैं कि मौत जहरीले दूध के कारण नहीं बल्कि जहर निगलने के कारण हुई थी लेकिन राधा ने जहर क्यों निगला, इस बारे में पुलिस अधिकारी कुछ बता नहीं पा रहे हैं।
राधा व उसके पति मिसरी महंतो और तीन बच्चे बस्ती बावा खेल इलाके में रहते हैं। राधा की शादी को 20 साल के आसपास हो चुके हैं। शुक्रवार रात को राधा की मौत हो गई थी। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए जब सिविल अस्पताल लाया गया तो उसके पति ने कहा कि राधा ने व्रत खोलने के लिए दूध पिया था, जिसमें जहर था और उसकी मौत हो गई। राधा की मौत दूध पीने के कारण हुई तो उसके बच्चों ने भी दूध पिया था, उनकी हालत बिल्कुल ठीक थी। ऐसे में शनिवार को पुलिस ने जांच की तो साफ हो गया कि मौत का कारण जहरीला दूध नहीं बल्कि राधा ने खुद जहर निगला था।
राधा ने जहर क्यों निकला, इसको लेकर अधिकारी कुछ भी बताने से इनकार कर रहे हैं। एसीपी का कहना है कि राधा ने गलती से जहर निगल लिया होगा, इसलिए धारा 174 के तहत कार्रवाई कर फाइल बंद कर दी गई है। राधा मूल रूप से बिहार की रहने वाली है और उसकी मौत के मामले में जांच अधिकारी इंस्पेक्टर मक्खन सिंह का कहना है कि उसकी मौत जहरीली दवा से हुई है लेकिन उसने खुद खाई है या खिलाई गई थी, इस पर वह कुछ नहीं बोले। राधा के मायके वालों ने भी इस केस में कोई कार्रवाई करवाने से इनकार कर दिया, जिस कारण पुलिस ने केस को बंद कर दिया।