परिजनों ने बेटे का शव सड़क पर रख लगाया धरना
ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे आने से हुई मौत, कार्रवाई न होने पर जताया रोष
अमर उजाला ब्यूरो
जलालाबाद (फिरोजपुर)। पुलिस की ओर से ट्रैक्टर-ट्राली चालक पर कार्रवाई नहीं करने के रोष स्वरूप पीड़ित परिवार व ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर थाना सिटी पुलिस के समक्ष प्रदर्शन किया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली चालक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। उनके बेटे की ट्रेक्टर-ट्राली तले आने से मौत हुई है।
मृतक छिंदर सिंह वासी गांव मोहकम अराई की मां कौैशल्या बाई ने बताया कि पांच फरवरी की रात गांव मन्ने वाला रोड स्थित पैनसीया स्कूल के पास एक ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक को टक्कर मार दी थी। हादसे में छिंदर सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। गांव मन्ने वाला का एक व्यक्ति उनके बेटे को जलालाबाद के सरकारी अस्पताल में छोड़ गया था। साथ में यह कह गया कि बेटे का इलाज करवाओ वह ट्रैक्टर-ट्राली चालक के खिलाफ कार्रवाई करवाएंगे। कौशल्या ने बताया कि उन्होंने गांव के घरों से पैसे इकट्ठा कर अपने बेटे का इलाज करवाती रही लेकिन 14 फरवरी की शाम को उसके बेटे की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर-ट्राली चालक के खिलाफ बनती कानूनी कार्रवाई नहीं की। कौशल्या ने बताया कि इसीलिए उन्हें मजबूरन वीरवार को थाना सिटी के समक्ष बेटे का शव रखकर पुलिस के खिलाफ रोष प्रदर्शन करना पड़ा है।
उधर, इस संबंधी डीएसपी अमरजीत सिंह ने बताया कि एफआईआर में सड़क हादसे में छिंदर के घायल होने का मामला दर्ज किया था। अब छिंदर की मौत की बात भी एफआईआर में दर्ज कर दी है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। आरोपी ट्रैक्टर-ट्राली चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
----------------------------
फोटो संख्या-15एफजेडआरपी02, 03, 04, 05
कैप्शन- जलालाबाद (फिरोजपुर) के थाना सिटी समक्ष छिंदर के शव के साथ रोष प्रदर्शन करते हुए ग्रामीण।