ट्रक ने युवक का सिर कुचला, मौत
आरोपी चालक के खिलाफ किया मामला दर्ज, फरार
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर।
थाना घल्लखुर्द के गांव फिरोजशाह के पास बाइक और ट्रक की भिड़ंत हो गई। बाइक सवार युवक के सिर पर ट्रक का टायर चढ़ने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। चालक फरार है।
मृतक बूटा सिंह (25) के पिता मुख्तियार सिंह (60) पुत्र ज्ञान सिंह वासी सोढ़ी नगर ने पुलिस को बताया कि बुधवार शाम को उसका बेटा दुकान से घर लौट रहा था। गांव फिरोजशाह के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। बूटा सिंह बाइक समेत सड़क पर गिर गया और ट्रक का टायर उसके सिर पर चढ़ने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। थाना घल्लखुर्द पुलिस ने पिता मुख्तियार सिंह के बयान पर ट्रक चालक रणजोध सिंह वासी भगता भाईका जिला बठिंडा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस चालक की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। मामले की जांच-पड़ताल एएसआई जोरा सिंह कर रहे हैं।