‘14 मिनट में भाषण देकर निकले सिद्धू’
निगम संबंधी की बैठक में पहुंचे थे निकाय मंत्री, मोगा को मिले 100 करोड़ रुपये
मीडिया के सवालों पर बोले, न गुरु
अमर उजाला ब्यूरो
मोगा। पुलवामा आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के प्रति नरमी भरा बयान देकर विवादों में आए निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू शनिवार दोपहर बाद मोगा नगर निगम संबंधी बैठक को संबोधित करने पहुंचे। इस दौरान सिद्धू ने 14 मिनट के भाषण में जुमलेबाजी और मिसालों के बीच मोगा नगर निगम को 100 करोड़ रुपये फंड देने की घोषणा की। मोगा निगम के पास पहले से रखे 40 करोड़ रुपये जल्द ही विकास कार्यों पर लगाने का भरोसा भी दिलाया। सिद्धू ने अनाजमंडी में 8 बाए 8 की 500 दुकानों की जगह अलॉट करने की घोषणा भी की। वहीं बैठक में सिद्धू धीमी जुबान में सदस्यों को संबोधित कर रहे थे तो कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में चर्चा थी कि इससे बेहतर तो यही था कि मंत्री अपना प्रोग्राम कुछ दिन और स्थगित कर देते।
मीडिया को कहा न गुरु
संबोधन खत्म होने के बाद डीपीआरओ के जरिए पत्रकारों को स्टेज से ही प्रेसवार्ता करने की बात कही गई थी, लेकिन जैसे ही सिद्धू का संबोधन खत्म हुआ तो वह मीडिया के सवालों से बचते हुए तुरंत वहां से चल दिए। एक पत्रकार ने जब उन्हें जोर से कहा कि सर, एक सवाल का जवाब दे दीजिए तो सिद्धू ने धीमी आवाज में जवाब दिया, न गुरु।
वहीं विधायक डॉ. हरजोत कमल सिंह ने कहा कि शहर के एक आरटीआई एक्टीविस्ट की याचिका पर शहर में 239 खोखा संचालकों को हटा दिया गया। निगम चाहता तो खोखा संचालकों को दुकानों की जगह अलॉट करने के बाद उनके खोखे हटाता।
फोटो-16मोग11 (लोगों को संबोधित करते निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू)