बरगाड़ी में चल रहे धरने को दमदमी टकसाल का समर्थन
इंसाफ के लिए सिख समाज को एकजुट होने का आह्वान
अनर उजाला ब्यूरो
फरीदकोट। बरगाड़ी बेअदबी व बहिबल गोलीकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सरबत खालसा के मनोनीत कार्यकारी जत्थेदार भाई ध्यान सिंह मंड की अगुवाई में चल रहा रोष धरना शुक्रवार को लगातार 8वें दिन भी जारी रहा। इस धरने में समर्थन में शुक्रवार को श्री दमदमी टकसाल के मुखी भाई हरनाम सिंह धुम्मा और श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार भाई जसबीर सिंह रोडे समेत कई सिख व मुस्लिम जत्थेबंदियों के पदाधिकारी पहुंचे और इन घटनाओं में इंसाफ के लिए समूचे सिख समाज को एकजुट होने का आह्वान किया।
इस मौके पर भाई हरनाम सिंह धुम्मा ने कहा कि बरगाड़ी बेअदबी मामले को लेकर दमदमी टकसाल द्वारा भी कई बार रोष धरने दिए गए और पंजाब बंद की काल भी दी गई। सरकार पर दबाव डालते ही केस को सीबीआई के हवाले करवाया लेकिन तीन साल बीत जाने पर भी गुरू के दोषी पकड़े नहीं गए जिसे सिख समाज में रोष व्याप्त है। उन्होंने भाई ध्यान सिंह मंड की अगुवाई में शुरू किए गए मोर्चे का समर्थन करते हुए कहा कि हमें सभी मतभेद भुलाकर एकजुटता का परिचय देना चाहिए। इस मौके पर भाई ध्यान सिंह मंड ने कहा के वो अपने निजी स्वार्थ के लिए मोर्चे नही बैठे बल्कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के सम्मान के लिए लड़ाई लड़ रहे है और इसमें सभी सिख जत्थेबंदियों समेत सभी इंसाफ पसंद लोग साथ दे रहे है। इस मौके पर संत जरनैल सिंह भिंडरावाला के भतीजे जगतार सिंह रोड़े,शिअद (अ) नेता जसकरण सिंह काहन सिंह वाला,बरगाड़ी मस्जिद के ईमाम मोहम्मद सलीम खान आदि भी हाजिर हुए।
-------
फरीदकोट के बरगाड़ी में चल रहे सिख जत्थेबंदियों के रोष धरने में पहुंचे भाई हरनाम सिंह धुम्मा व अन्य