फिरोजपुर। लुधियाना के दो लोगों ने महिला को आस्ट्रेलिया भेजने का झांसा देकर साढ़े सात लाख रुपये की ठगी कर ली। थाना सिटी पुलिस ने पीड़िता के पति के बयान पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दिए गए बयान में सुखजिंदर सिंह निवासी गांव आसल, जिला फिरोजपुर ने बताया वह पत्नी सर्बजीत कौर को आस्ट्रेलिया भेजना चाहता था। उसने विज्ञापन देख कर आरोपी जसविंदर कौर व प्रितपाल सिंह वासी जमालपुर जिला लुधियाना से संपर्क किया। आरोपियों ने तेरह लाख रुपये की मांग की। उसने आरोपियों को तेरह लाख रुपये का भुगतान कर दिया। आरोपियों ने आफर लेटर और फीस स्लिप दी, जो नकली थी। इसके बाद आरोपियों ने साढ़े पांच लाख रुपये लौटा दिए। बाकी की धनराशि नहीं लौटाई। एएसआई कुलदीप सिंह के मुताबिक मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।