गणतंत्र दिवस पर अमृतसर में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था
गणतंत्र दिवस के अवसर पर शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। संभावित खतरे और कानून-व्यवस्था की किसी भी स्थिति से निपटने के लिए व्यापक स्तर पर सुरक्षा इंतजाम किए गए। प्रमुख सरकारी भवनों, सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई।
पुलिस द्वारा शहर के सभी प्रवेश और निकास मार्गों पर नाकेबंदी कर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने के लिए पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई गई, वहीं सादी वर्दी में तैनात पुलिसकर्मी भी लगातार निगरानी करते रहे। संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए।
गणतंत्र दिवस समारोह स्थलों पर प्रवेश से पहले दर्शकों की कड़ी तलाशी ली गई। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भीड़ और गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई। कंट्रोल रूम से पूरे शहर की सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग की जाती रही।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में गणतंत्र दिवस मनाना उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए हर स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है।
जालंधर ग्रामीण पुलिस ने गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निकाला फ्लैग मार्च
26 जनवरी को मनाए जाने वाले गणतंत्र दिवस समारोह के मद्देनज़र, जालंधर ग्रामीण पुलिस द्वारा कानून व्यवस्था एवं सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकालकर पूरे ज़िले में सुरक्षा प्रबंधों को और कड़ा कर दिया गया है।
एसएसपी जालंधर ग्रामीण हरविंदर सिंह विर्क के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत थाना क्षेत्रों, पुलिस चौकियों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर डीएसपी सब-डिवीजन करतारपुर नरेंद्र सिंह, डीएसपी सब-डिवीजन नकोदर ओंकार सिंह बराड़, डीएसपी सब-डिवीजन फिल्लौर भारत मसीह लधड़, डीएसपी सब-डिवीजन शाहकोट सुखपाल सिंह, डीएसपी सब-डिवीजन आदमपुर राजीव कुमार सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की निगरानी में फ्लैग मार्च आयोजित किए गए।फ्लैग मार्च के दौरान बाजारों, रिहायशी इलाकों, संवेदनशील स्थानों एवं संदिग्ध क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी गई। पुलिस कर्मियों द्वारा आम जनता से संवाद स्थापित किया गया तथा उन्हें सुरक्षा प्रबंधों के प्रति आश्वस्त किया गया। समाज विरोधी तत्वों को यह स्पष्ट एवं सख्त संदेश दिया गया कि कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य जनता में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना, समाज विरोधी तत्वों पर कड़ी निगरानी रखना तथा यह सुनिश्चित करना था कि गणतंत्र दिवस शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से मनाया जा सके।
जालंधर ग्रामीण पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि कानून व्यवस्था की स्थिति को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।