अबोहर को नगर निगम का दर्जा मिलने से लोगों में छाई खुशी
परिषद प्रधान प्रमिल कलानी ने किया फैसले का स्वागत
अबोहर। श्री गुरु नानक देव के 550वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में पंजाब मंत्रिमंडल ने तीन शहरों को नगर परिषद से उन्नत कर नगर निगमों का दर्जा दिया है। जिसमें अबोहर के अलावा बटाला और कपूरथला शामिल हैं। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को सुबह हुई कैबिनेट की बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया। शहरवासियों द्वारा परिषद से कार्पोरेशन बनाने की पिछले लंबे समय से की जा रही मांग पूरी होने पर उनमें खुशी पाई जा रही है। निगम का दर्जा मिलने से शहरवासियों की मूलभूत सुविधाओं में भारी इजाफा होगा। नगर परिषद प्रधान प्रमिल कलानी ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके इस कदम का उद्देश्य अबोहर में शहरी बुनियादी ढांचे को और मजबूत करना है। सरकार के इस प्रयास से शहर निवासियों को सर्वोत्तम नागरिक सुविधाओं, सड़क संपर्क और शहर परिवहन सेवाओं के साथ समग्र विकास को सुनिश्चित करने का रास्ता साफ होगा। जिससे उनके जीवन की गुणवत्ता में सुधार होगा। शहर को नगर निगम के रूप में अपग्रेड करने के साथ सरकार कस्बे के समग्र विकास के लिए विभिन्न विभागों और एजेंसियों से धन का उचित प्रबंध सुनिश्चित करेगी। नगर परिषद प्रधान प्रमिल कलानी ने सरकार के इस फैसले पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शहर को निगम का दर्जा देने की मांग का प्रस्ताव उन्होंने हाउस की मीटिंग में पास करवाया था। लेकिन आज सरकार ने उसे मंजूर करके शहरवासियों को बड़ा तोहफा दिया है। उन्होंने बताया कि सरकार के इस कदम से विकास के बजट में भारी बढ़ोत्तरी होगी। इसी प्रकार भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रांतीय सचिव ओम प्रकाश शर्मा ने भी सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि उन्होंने भी अपने कार्यकाल में अबोहर को निगम का दर्जा देने की मांग की थी। लेकिन सरकार ने आज इसे मंजूर करते हुए यहां लोगों की चिर प्रतीक्षित मांग को पूरा किया है।
इस समाचार की फोटो एबीआर 4 भेजी जा रही है।