थाना बधनी कलां पुलिस ने आईलेट्स पास युवती, उसके माता पिता, मामा-मामी व मामा की बेटी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। युवती ने शादी रचाकर दूल्हे से 31 लाख रुपये ठग लिए।
जांच अधिकारी एएसआई प्रीतम सिंह ने बताया कि दविंदर सिंह निवासी गांव दौधर शर्की ने 11 मार्च 2020 को एसएसपी मोगा को दी शिकायत में आरोप लगाए थे कि अगस्त 2018 में उसकी शादी हरजशनप्रीत कौर निवासी गांव मंडियानी (लुधियाना) के साथ हुई थी। हरजशनप्रीत कौर आईलेट्स पास कर चुकी थी। शादी के दौरान तय हुआ था कि हरजशनप्रीत शादी के बाद दविंदर सिंह को अपने साथ कनाडा ले जाएगी। इस दौरान आने वाला पूरा खर्च दविंदर सिंह के परिवार को करना होगा। दविंदर सिंह के मुताबिक उसने हरजशनप्रीत कौर को कनाडा भेजने के लिए 31 लाख रुपये खर्च किए। कनाडा जाकर हरजशनप्रीत ने उसे वहां नहीं बुलाया और संपर्क भी बंद कर दिया।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसकी आरोपी पत्नी के साथ उसके पिता सुखविंदर सिंह, माता हरप्रीत कौर निवासी गांव मंडियानी, मामा हरजीत सिंह, मामी सर्बजीत कौर और मामा की बेटी अमनजोत कौर उर्फ जोती निवासी आलमगीर, पत्ती लखवीर (लुधियाना) ने मिलकर साजिश के तहत 31 लाख की ठगी की है। एसएसपी ने मामले की जांच थाना बधनी कलां के प्रभारी से करवाई। जांच के बाद आरोप सही पाए जाने पर सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जांच अधिकारी का कहना है कि मुख्य आरोपी हरजशनप्रीत कौर इस समय कनाडा में रह रही है। बाकी आरोपी यहीं हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापे मारे जा रहे हैं।