शिक्षिका के साथ दुराचार के आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
मुक्तसर।
आदर्श स्कूल की शिक्षिका के साथ दुराचार के आरोपी नरिंदर रंधावा के खिलाफ कार्रवाई व अन्य मांगों को लिए आदर्श स्कूल पक्का कांड विरोधी एक्शन कमेटी के आह्वान पर ग्रामीण मजदूर यूनियन व नौजवान भारत सभा ने गांव समाघ में प्रदर्शन किया।
सभा के नेता महाशा समाघ और जगदीप सिंह ने आरोप लगाया कि शिक्षिका के साथ दुराचार के आरोपी चार महीने बीतने के बावजूद सरेआम घूम रहे हैं। फरीदकोट पुलिस प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आदर्श स्कूल गांवों की सांझी पंचायती जमीनों पर बनाए गए हैं। लोगों की मेहनत का टैक्सों के रुप में वसूला रुपया आदर्श स्कूलों का प्रबंध चलाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। इसके बावजूद सरकार इन स्कूलों की मैनेजमेंट प्राइवेट प्रबंधकों के हाथों में सौंप रही है जो इमारत के निर्माण या मिड-डे-मील के नाम पर लाखों रुपये के बिल बनाकर सरकारी खजाने को चूना लगा रहे हैं। बच्चों से बाल मजदूरी करवाई जा रही है। इन सभी मांगों को लेकर संघर्ष तेज किया जाएगा। मौके विक्की सिंह, यादविंदर यादी, गुरदास सिंह समेत अन्य भी उपस्थित थे।(जगदीश जोशी, मुक्तसर)