प्रदेश में सिर्फ नाम की ही सरकार : बादल
पूर्व सीएम बोले, नगर निगमों पर कब्जे करना चाहती है सरकार
अमर उजाला ब्यूरो
लंबी (मुक्तसर)।
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने गैंगवार की घटनाओं पर कहा कहीं ऐसा लग ही नहीं रहा कि प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज है। कैप्टन अमरिंदर सिंह को राज्य की चिंता ही नहीं है। ऐसा लग रहा है कि प्रदेश का कोई वारिस ही नहीं है। सरकारें चलाने के लिए 24 घंटे निगरानी रखनी पड़ती । ऐसे सरकारें नहीं चलतीं, जैसे कैप्टन अमरिंदर चलाना चाह रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री बादल ने शनिवार को लंबी विधान सभा हलके के गांव खुड्डियां में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। वह गांव खुड्डियां व आधनियां में लोगों से मिलने पहुंचे थे।
बादल ने कहा कि कैप्टन का राज्य की बिगड़ रही कानून व्यवस्था की ओर जरा भी ध्यान नहीं है, जबकि कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री की होती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जनता के साथ जितनी गद्दारी की है, उतनी कोई और पार्टी नहीं करती है। राज्य में हो रहे नगर निगम चुनावों पर टिप्पणी करते हुए बादल ने कहा कि चुनाव नाम की कोई बात नजर नहीं आ रही। सरकार तो नगर निगमों पर कब्जे करना चाहती है। इसके चलते विपक्ष के प्रत्याशियों के नामांकन रद्द कर दिए गए।
बादल ने कहा कि गुजरात व हिमाचल चुनाव में भाजपा की बहुमत से जीत होगी, क्योंकि वहां चुनाव में भाजपा के मुकाबले कोई पार्टी नहीं टिक सकती है। शिअद कार्यकर्ताओं पर किए गए पर्चों संबंधी बादल ने कहा कि शिअद इस धक्केशाही का डटकर विरोध करता आया है और आगे भी विरोध जारी रहेगा। अकाली कार्यकर्ताओं पर झूठे पर्चे बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। किसानों के कर्ज माफी पर चुटकी लेते हुए बादल ने कहा कि राज्य के किसान व आम लोग कांग्रेस की चालों में आ गए और अब पछता रहे हैं।
चुनाव जीतने के बाद कैप्टन ने लोगों के साथ धोखा किया है। लोगों के साथ किए वादे पूरे नहीं किए जा रहे। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने गांव खुड्डियां निवासी आग की चपेट में आने वाले दारा सिंह नामक व्यक्ति का इलाज मुफ्त करवाने की बात कही। उन्होंने डॉक्टर को फोन कर दारा सिंह का इलाज करने के आदेश दिए। बादल ने कई घरों में बीते दिनों हुई मौतों पर मृतकों के पारिवारिक सदस्यों के साथ सांत्वना जाहिर की। इस मौके चेयरमैन तेजिंदर सिंह मिड्ढूखेड़ा, बलकरन सिंह वनवाला, रमेश खुड्डियां उपस्थित थे।