भाजपा नेताओं ने निकाला रोष मार्च
पार्टी नेताओं पर दर्ज किए गए केस का किया विरोध, दिग्गजों ने किया किनारा
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर।
थाना बस्ती बावा खेल में बीजेपी नेताओं पर दर्ज हुए केस के मामले में भाजपा के नेताओं ने शनिवार को श्री राम चौक से डीसी कार्यालय तक रोष मार्च निकाला और डीसी को ज्ञापन सौंपते हुए पुलिस कमिश्नर को तत्काल बदलने की मांग रखी। इस रोष प्रदर्शन में भाजपा की तमाम सीनियर लीडरशिप ने किनारा रखा और हंसराज हंस के अलावा किसी नेता ने हिस्सा नहीं लिया।
बीजेपी नेताओं ने डीसी से मांग की कि उनको गिरफ्तार किया जाए। गैरजमानती धारा होने के बावजूद पुलिस ने भाजपा नेताओं को गिरफ्तार नहीं किया गया। जालंधर से भाजपा के तमाम सीनियर नेताओं ने इस रोष मार्च से किनारा बनाकर रखा। भाजपा के पूर्व विधायक केडी भंडारी, पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया, पूर्व मंत्री भगत चुन्नी लाल, भाजपा प्रवक्ता दीवान अमित अरोड़ा, सीवरेज बोर्ड के पूर्व चेयरमैन विनोद शर्मा, पूर्व मेयर राकेश राठौर, पूर्व मेयर सुनील ज्योति सहित तमाम दिग्गज गायब रहे।
रोष धरने में जिला प्रधान रमेश शर्मा, प्रवक्ता राकेश शांतिदूत, अमित तनेजा, अनिल सच्चर, रोबिन सांपला, शीतल अंगुराल, आरके भल्ला समेत बस्ती इलाके के भाजपा वर्कर शरीक हुए। निगम चुनावों के प्रचार के दौरान वार्ड 78 में कांग्रेस और भाजपा उम्मीदवारों के समर्थकों में मंगलवार रात हाथापाई हो गयी थी, इस झगड़े के बाद थाना बस्ती बावा खेल थाने के बाहर भाजपा जिला प्रधान रमेश शर्मा, अमित तनेजा, शीतल अंगुराल, 78 से उम्मीदवार रवि महेंद्रू, प्रदीप खुल्लर, पूर्व मंत्री के बेटे महेंदर भगत आदि ने समर्थकों के साथ धरना दे दिया था। इस पर पुलिस ने तमाम नेताओं के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। मामले में अभी किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया था। भाजपा नेताओं ने शनिवार को डीसी के पासकर इस मामले में खुद गिरफ्तारी की पेशकश की।