फिरोजपुर से 30 करोड़ टैक्स, रिफंड 31 करोड़
व्यापारियों की ट्रांजेक्शन पर आयकर विभाग की पैनी नजर
व्यापारियों की ट्रांजेक्शन हो रही है रिकार्ड, जिसने नहीं दिया टैक्स, उस पर होगी कार्रवाई
रिफंड लेने में आगे फिरोजपुर, मानसा व बुढलाडा
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। आयकर विभाग व्यापारियों को समझाने व जागरूक करने के लिए बैठकें और समारोह कर रहा है, ताकि व्यापारी इमानदारी से अपना आयकर समय पर भरें। अधिकारी उन जिलों के व्यापारियों के साथ बैठकें कर रहे हैं, जहां आयकर कम आता है और रिफंड अधिक हो रहा है। विभाग के समझाने के बाद भी व्यापारियों की तरफ से आयकर जमा नहीं करवाया गया तो मजबूरन विभाग छापेमारी करेगा। ये बातें बठिंडा से आए आयकर विभाग के कमिश्नर पीके शर्मा ने पत्रकारों से कहीं।
शर्मा ने कहा कि फिरोजपुर से आयकर 30 करोड़ एकत्र होता है, जबकि रिफंड 31 करोड़ हो रहा है। यही समस्या मानसा व बुढलाडा की है। एक सवाल के जवाब में शर्मा ने कहा कि सबसे अधिक टैक्स बठिंडा से इकट्ठा होता है। अबोहर, फाजिल्का, मुक्तसर व फरीदकोट से भी अधिक टैक्स आता है। शर्मा ने कहा कि जब से जीएसटी लागू हुआ है तब से कोई भी व्यापारी आयकर देने से नहीं बच सकता है। बैंकों व नेट बैंकिंग के जरिये होने वाली ट्रांजेक्शन से विभाग कई व्यापारियों को पकड़ रहा है। ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड हो रही है। एक सवाल के जवाब में शर्मा ने कहा कि राइस शैलर वाले पहले टैक्स कम देते थे, लेकिन जब से चेक के जरिये पेमेंट होने लगी हैं, तब से राइस शैलरों की तरफ से टैक्स अधिक आने लगा है। जीएसटी लागू होने के बाद आयकर देने वाले उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ने के साथ ही टैक्स में भी बढ़ोतरी हुई है। जिस व्यापारी के पास जीएसटी नंबर है, चाहे वह छोटा या फिर बड़ा व्यापारी हो टैक्स से नहीं बच सकता है। शर्मा ने व्यापारियों से कहा कि टैक्स भरने की अंतिम तिथि 31 जुलाई है, सभी व्यापारी टैक्स भरें, विभाग को कार्रवाई करने के लिए मजबूर न करें। इस मौके पर आयकर विभाग फिरोजपुर के अधिकारी एमएल सहोता, वकील, सीए, व्यापारी व आढ़ती उपस्थित थे।
-----------------------------
फोटो संख्या-12एफजेडआरपी01
कैप्शन--फिरोजपुर में आयोजित समारोह में आयकर विभाग के अधिकारी व्यापारियों को आयकर संबंधी जानकारी देते हुए।
----------------