शाबाश.. लाडो प्यारी, अब बुलेट पर सवारी की तुम्हारी बारी
जीप, बुलेट, स्कूटर व साइकिल पर सवार 600 युवतियों ने दिया कन्या बचाने का संदेश
अमर उजाला ब्यूरो
कपूरथला।
शाबाश.. लाडो प्यारी, अब बुलेट पर सवारी की तुम्हारी बारी। जी हां, अब तक बुलेट और बाइक पर पुरुष प्रधान समाज का कब्जा रहा, लेकिन शहर में वीरवार को कमाल हो गया। भारी-भरकम बुलेट पर नारी सवार नजर आई। 600 युवतियों ने बुलेट, स्पोर्ट्स बाइक, स्कूटर, साइकिल पर सवार होकर ‘कोमल हैं, कमजोर नहीं’ का नारा देते कन्याओं को बचाने का संदेश दिया। वहीं थार (जीप) पर खुद जिला प्रोग्राम अफसर सुखदीप कौर मुल्तानी नेे रैली को लीड किया। डीसी मोहम्मद तैय्यब ने स्थानीय गुरु नानक स्टेडियम से इस रैली को झंडी देकर रवाना किया।
इसका नेतृत्व सहायक कमिश्नर (ज) मेजर डॉ. सुमित मुद और जिला प्रोग्राम अफसर सुखदीप कौर मुल्तानी ने किया। यह रैली स्टेडियम से डीसी चौक, बस स्टैंड, श्री सत्य नारायण बाजार, शहीद भगत सिंह चौक, कचहरी चौक, फव्वारा चौक, स्टेट गुरुद्वारा साहिब से होते हुए विरसा विहार पहुंचकर संपन्न हुई। शहरवासी भी बुलेट पर रैली का नेतृत्व कर रही बेटियों पर मान महसूस कर रहे थे। डीसी ने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। विशेष अतिथि पुुलिस डीएवी पब्लिक स्कूल जालंधर की प्रिंसिपल डॉ. रश्मि विज ने कहा कि लड़कियां खुद को मानसिक तौर पर इतनी ताकतवर बनाएं कि कोई भी उनके अधिकारों पर डाका डालने की हिम्मत न करे। इस दौरान एडीसी (ज) राहुल चाबा, एडीसी (विकास) अवतार सिंह भुल्लर, जिला बाल सुरक्षा अधिकारी हरप्रीत कौर संधू, डीईओ (स) सतपाल कौर बाजवा, ईओ नगर काउंसिल कुलभूषण गोयल, स्वामी सजदानंद, सीडीपीओ स्नेह लता, प्रिंसिपल मस्सा सिंह सिद्धू, एडवोकेट नीलम महाजन, गुरमिंदर कौर, सुनीता सिंह, कुलदीप सिंह, गगनदीप और सुरिंदर नाथ भी मौजूद थे।