ट्रक से टकराई कालेज वैन, 11 छात्राएं जख्मी
एक छात्रा गंभीर हालत के चलते फरीदकोट रेफर
अमर उजाला ब्यूरो
मुक्तसर।
कोटकपूरा-मुक्तसर मार्ग पर बुधवार को गुरु नानक कॉलेज की छात्राओं को लेकर आ रही वैन ट्रक से टकरा गई। घटना के समय वैन में करीब 25 छात्राएं सवार थी, जिनमें से चोटिल हुई ग्यारह छात्राओं को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। एक को तो गंभीर हालत में चलते फरीदकोट के लिए रैफर कर दिया गया।
बुधवार को करीब साढ़े आठ बजे वैन गुरु नानक कॉलेज फार गर्ल्स की छात्राओं को लेकर सराएनागा की ओर से कॉलेज के लिए आ रही थी। वैन जब भाई महा सिंह कॉलेज के पास पहुंची तो सामने से आ रहे टाले के साथ टक्कर हो गई। इस घटना में वैन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। वैन चला रहे बिंदर सिंह ने बताया कि घटना के बाद वह तो छात्राओं को संभालने में जुट गया तथा मौके का फायदा उठाकर ट्रक चालक गाड़ी समेत फरार हो गया।
इस हादसे में वैन में सवार करीब 25 छात्राओं में से 11 को चोटें लगने के कारण सिविल अस्पताल में लाया गया। छात्रा 20 वर्षीय रमनदीप कौर पुत्री कुलवंत सिंह वासी चक्क मोतलेवाला को गंभीर हालत के चलते फरीदकोट रेफर कर दिया गया। घायलों में प्रभजोत कौर पुत्री इकबाल सिंह बरीवाला, सोनम पुत्री मोहन लाल बरीवाला, संदीप पुत्री अमरजीत सिंह चक्क मोतलेवाला, राजविंदर कौर पुत्री गुरतेज सिंह वड़िंग, संदीप पुत्री रमेश वड़िंग, कोमलजीत कौर पुत्री नीलू सिंह बरीवाला, प्रीति पुत्री जनकराज बरीवाला, रीना पुत्री मंजू सिंह वड़िंग, सोनू पुत्री प्रीतम सिंह चक्क मोतलेवाला, रमनदीप कौर पुत्री कुलवंत सिंह चक्क मोतलेवाला, लखविंदर कौर पुत्री हरचंद सिंह वड़िंग शामिल हैं।