सिविल अस्पताल में पर्ची कटवाने पर हंगामा
एमएस के पास बैठक कर दोनों पक्षों में सुलह करवाई
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर।
सिविल अस्पताल में मंगलवार को एक कर्मचारी और मरीज के परिजन के बीच पर्ची कटवाने पर हंगामा हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि मौके पर पुलिस ने आकर मामला सुलझाया। दरअसल ओपीडी में एक मरीज के परिजन और पर्ची काटने वाले मुलाजिम में किसी बात पर बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंचने ही वाला था कि अस्पताल के कर्मचारियों ने पुलिस को खबर की। इसके बाद पुलिस ने आकर मामला शांत करवाया।
मरीज के परिजन अभिजीत कुमार ने बताया कि उनके पिता सुरिंदर पाल बीते शुक्रवार से अस्पताल में दाखिल हैं। उनके पिता का भगत पूरन स्कीम के तहत मुफ्त इलाज हो रहा है। मंगलवार कोे वह जब पर्ची कटवाने आया तो एक मुलाजिम ने गलत भाषा से बात की। यही नहीं उक्त मुलाजिम ने उनकी फाइल भी उठाकर फेंक दी। वहीं मुलाजिम रविंदर सिंह व अन्य ने कहा कि उन्होंने मरीज के परिजन से कोई गलत भाषा में बात नहीं की। इसके बाद यह मामला एमएस के पास पहुंचा, जहां पर बैठक दोनों पक्षों में सुलह करवाई गई।