डीएसपी को धमकाने पर खैरा ने मांगा आशू का इस्तीफा
मामले को लेकर 28 को खैरा लुधियाना में देंगे धरना
जालंधर। पंजाब एकता पार्टी के प्रधान सुखपाल सिंह खैरा ने कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशू से इस्तीफे की मांग की है करते हुए कहा है कि सीएम को तत्काल आशू को चलता कर देना चाहिए। इस मामले को लेकर उन्होंने 28 फरवरी को लुधियाना में धरना देने का एलान किया है।
मंगलवार को जालंधर के सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए खैरा ने कहा कि जिस प्रकार कैबिनेट मंत्री आशू ने डीएसपी को धमकाया और जमीन के चेंज आफ लैंड यूज मामले में घोटाला कराया है। इससे जाहिर है कि पंजाब सरकार के मंत्री कितने भ्रष्ट हो चुके हैं।
सुखपाल खैरा ने भारतीय वायु सेना की तरफ से की गई सर्जिकल स्ट्राइक का स्वागत किया है। उन्होंने कहा है कि दोनों देशों को कुछ ऐसा रास्ता निकालना चाहिए कि युद्ध न हो। अगर युद्ध हुआ तो सबसे ज्यादा नुकसान पंजाब का होगा। खैरा ने कहा कि वायुसेना ने साहसी कार्य किया है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने जिस प्रकार फगवाड़ा दौरे पर अपना बयान दिया कि पाकिस्तान की ओर जाने वाले पानी को रोककर उसे पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान को दिया जाएगा। इस बयान पर भाजपा को अपना स्टैंड क्लीयर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब का पानी किसी दूसरे राज्य को दिए जाने का उनकी पार्टी हर स्तर पर विरोध करेगी। इसके लिए पंजाब के लोग एकजुट हैं।