जम्मू के लिए चौथे दिन भी नहीं चलीं 40 बसें
बमियाल तक बस चलाकर लखनपुर और कठुआ जाने वाले यात्रियों को रोडवेज ने पहुंचाई राहत
स्टेशन सुपरिंटेंडेंट बोले-आज से शुरू हो सकती है जम्मू के लिए बस सर्विस
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। चार दिनों से बंद चल रही जम्मू की बस सेवा मंगलवार को भी बहाल नहीं हो पाई। इससे पठानकोट से सांबा और जम्मू को जाने वाले यात्रियों की परेशानियां ज्यों की त्यों हैं। वहीं बस स्टैंड के दुकानदारों का कारोबार भी बुरी तरह से प्रभावित होकर रह गया है। हालांकि पंजाब रोडवेज पठानकोट डिपो ने बमियाल की बस सेवा शुरू कर जेएंडके के लखनपुर और कठुआ जाने वाले यात्रियों को राहत पहुंचाई हैं। मंगलवार को बमियाल बस सेवा शुरू होने के बाद पठानकोट से लखनपुर, कठुआ, नगरी, जनियाल व बमियाल जाने वाले यात्रियों ने काफी राहत महसूस की। उम्मीद जताई जा रही है कि बुधवार को पठानकोट से जम्मू के बीच बस सेवा शुरू हो जाएगी।
जानकारी के अनुसार वीरवार को पुलवामा हमले के बाद से हिंदू संगठनों की ओर से किए जा रहे प्रदर्शनों के कारण शनिवार से पठानकोट-जम्मू की बस सेवा पूरी तरह से बंद पड़ी है। पठानकोट से जेएंडके, हिमाचल, पंजाब रोडवेज व हरियाणा रोडवेज की 40 बसें नहीं चल रहीं। बसें न चलने के कारण पठानकोट से सांबा, विजयपुर व जम्मू जाने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बसें न चलने से यहां यात्रियों की परेशानियां लगातार जारी हैं। वहीं बस स्टैंड के दुकानदारों के कामकाज पर भी इसका गहरा असर पड़ रहा है। दुकानदार प्रीतम सिंह, शिव शंकर, सतपाल, सोनू शर्मा ने बताया कि जम्मू जाने वाले यात्री भले ज्यादा देर स्टे नहीं करते थे लेकिन चाय-पानी व खाना वगैरह वह बस स्टैंड की दुकानों से ही करते थे। अब बसें नहीं चल रही जिस कारण प्रत्येक दुकानदार तीन से चार हजार की सेल कम हो गई है।
उधर पठानकोट डिपो के स्टेशन सुपरवाइजर सरदार हरभजन सिंह का कहना है कि बमियाल जाने वाली बस जेएंडके के लखनपुर व कठुआ को ही टच करती है। इन दोनों शहरों में स्थिति सामान्य हो गई है। इस कारण बमियाल की बस को चलाकर यात्रियों को राहत पहुंचाई गई है। बुधवार से बसें जम्मू के लिए भी शुरू हो जाएंगी।
फोटो:-8-जम्मू काउंटर पर लगी बमियाल जाने वाली बस।