देश में रोजगार की दृष्टि से सबसे अधिक योग्य लोग पंजाब में हैं जबकि सबसे कम योग्य पश्चिम बंगाल हैं।
भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) द्वारा वीरवार को यहां जारी इंडिया स्किल रिपोर्ट-2014 से यह तथ्य सामने आया है।
श्रम एवं रोजगार मंत्रालय तथा सीआईआई एवं मानव संसाधन विकास मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित तीसरे राष्ट्रीय कौशल विकास सम्मेलन में यह रिपोर्ट जारी की गई।
श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के महानिदेशक शिखर अग्रवाल तथा सीआईआई के महानिदेशक चंद्रजीत बनर्जी ने यह रिपोर्ट जारी की।
सम्मेलन को प्रधानमंत्री के कौशल विकास सलाहकार एवं राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के अध्यक्ष एस रामदोराई ने भी संबोधित किया।
रिपोर्ट के अनुसार देश में रोजगार की दृष्टि से योग्य लोगों में 42.47 फीसदी लोग पंजाब से आते हैं जबकि तमिलनाडु से 36.13 फीसदी, आंध-प्रदेश से 30.44 फीसदी, उत्तर प्रदेश से 33.4 फीसदी एवं दिल्ली से 29.68 फीसदी जबकि कर्नाटक से 17.63 फीसदी, ओडिशा से 12.43 फीसदी एवं पश्चिम बंगाल से 4.23 फीसदी लोग रोजगार की दृष्टि से योग्य हैं।
रिपोर्ट के अनुसार उद्योग जगत में कार्यरत महिलाओं तथा पुरुषों के अनुपात में काफी अंतर है लेकिन रोजगार की दृष्टि से योग्य महिलाएं सर्वाधिक पंजाब से हैं जबकि सबसे कम योग्य महिलाएं पश्चिम बंगाल में हैं।
रिपोर्ट के अनुसार रोजगार की दृष्टि से सर्वाधिक योग्य पुरुष तमिलनाडु में हैं. जबकि सबसे कम योग्य पुरुष पश्चिम बंगाल में हैं। रिपोर्ट के अनुसार इंजीनियरिंग एवं ऑटोमोबाइल सेक्टर, टेलीकाम एवं विनिर्माण क्षेत्र में कार्यरत पुरुषों तथा महिलाओं में अनुपात करीब एक चौथाई से भी अधिक है।
इंजीनियरिंग एवं आटोमोबाइल में 83.67 प्रशित पुरुष कार्यरत हैं जबकि केवल 16.33 फीसदी महिलाएं कार्यरत हैं। इसी तरह विनिर्माण क्षेत्र में 80.6 फीसदी पुरुष कार्यरत हैं तो महिलाएं केवल 19.39 फीसदी हैं एवं दूरसंचार क्षेत्र में 77 फीसदी पुरुष कार्यरत हैं तो महिलाओं की संख्या केवल 23 फीसदी हैं।
पर्यटन यात्रा एवं होटल उद्योग और बीपीओ एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में महिलाएं और पुरुषों में अंतर अपेक्षाकृत कम है फिर भी 50 फीसदी का अंतर है।