विश्व की अग्रणी साइकिल निर्माता कंपनी हीरो साइकिल्स लिमिटेड के बिहार प्लांट का उद्घाटन 14 अप्रैल को किया जाएगा।
अल्ट्रा माडर्न तकनीक से बने इस प्लांट में पहले चरण के दौरान रोजाना तीन हजार साइकिल का उत्पादन किया जाएगा। बाद में इसकी क्षमता को चरणबद्ध तरीके से बढ़ाया जाएगा। यह जानकारी हीरो साइकिल्स के मैनेजिंग डायरेक्टर पंकज मुंजाल ने अमर उजाला से खास बातचीत में दी।
मुंजाल ने बताया कि पटना के पास बिहटा इंडस्ट्रियल पार्क में लगाया जा रहा यह प्लांट करीब एक साल के रिकार्ड वक्त में बनकर तैयार होगा। इस प्लांट पर कंपनी ने तकरीबन 55 करोड़ रुपये का निवेश किया है।
मुंजाल ने कहा कि कंपनी के पटना प्लांट में साइकिल निर्माण और असैंबलिंग का काम किया जाएगा। पहले चरण में इस प्लांट में सालाना एक मिलियन साइकिल तैयार किए जाएंगे। इस प्लांट के जरिए हीरो बिहार और आसपास के राज्यों में साइकिलों की आपूर्ति करेगा।
इसके अलावा हीरो साइकिल अपनी कुल उत्पादन क्षमता में लगातार इजाफा कर रही है। हीरो अपनी क्षमता का रोज विस्तार कर रही है। जनवरी, फरवरी और मार्च के दौरान बीस हजार साइकिल रोजाना तैयार किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बाजार में हीरो के उत्पादों को बिक्री को लगातार अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। इसे देखते हुए कंपनी दस फीसदी की रफ्तार से आगे बढ़ रही है।
मुंजाल ने कहा कि हीरो साइकिल का फोकस अब हाई एंड साइकिलों पर है। इसके लिए दिल्ली में भी उत्पादन क्षमता स्थापित की जा रही है। उन्होंने कहा कि देश के हाई एंड साइकिल के बाजार में अपार संभावनाएं हैं। इनको कैश करने के लिए ही कंपनी चरणबद्ध तरीके से अपने कदम बढ़ा रही हैं। मुंजाल ने कहा कि अगले वित्त वर्ष में हीरो साइकिल कुछ और नए कदम उठाने जा रही हैं, लेकिन उन्होंने इसका खुलासा अभी नहीं किया।