पंजाब के फिरोजपुर सीआईए स्टाफ ने दाना मंडी (फिरोजपुर कैंट-तलवंडी भाई) के पास से चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो आरोपी दो सगे भाई हैं। तलाशी दौरान एक किलोग्राम हेरोइन, एक किलो 16 ग्राम अफीम, एक पिस्टल, सात कारतूस और 12 लाख 90 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद हुई है। थाना कुलगढ़ी व तलवंडी भाई पुलिस ने चारों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक सीआईए की टीम गश्त कर रही थी कि मुखबिर से सूचना मिली कि दो सगे भाई हेरोइन बेचने का धंधा करते हैं। इनके पास अवैध असलहा भी है। इन्होंने नशे के कारोबार के लिए गांव नवां पूर्वा में किराये पर कोठी ली है। दोनों भाई नवां पूर्वा से टोयोटा कार पर सवार होकर दाना मंडी फिरोजपुर कैंट की तरफ आ रहें हैं। ये दोनों पुल के पास खड़े ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर सीआईए टीम ने उक्त जगह पर दबिश दी। आरोपी विशाल उर्फ शैली व सोनू वासी माछियां (जीरा) को काबू कर लिया है। तलाशी दौरान एक किलोग्राम हेरोइन, एक पिस्तौल, सात कारतूस व 12 लाख 90 हजार रुपये की ड्रग्स मनी बरामद हुई है। थाना कुलगढ़ी पुलिस ने आरोपी विशाल व सोनू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
इसी तरह सीआईए टीम ने तलवंडी भाई की दाना मंडी के गेट के पास खड़े दो नौजवान पुलिस को शक की बुनियाद पर काबू कर तलाशी ली। इनके पास से एक किलो 16 ग्राम अफीम बरामद हुई है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शंभू सिंह व दीरप सिंह वासी जहालावाड़ा (राजस्थान) के रूप में हुई है। थाना तलवंडी भाई पुलिस ने उक्त दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।