मोगा के गांव समाध भाई में तेज आंधी और बारिश के कारण घर के दीवार गिरने से एक ही परिवार के चार लोग जख्मी हो गए। गुरमेल सिंह अपनी पत्नी जसविंदर कौर (56), बेटे मेहताब सिंह (30) और बेटी सतबीर कौर (21) के साथ घर के बाहर सो रहा था।
विज्ञापन
सुबह करीब चार बजे अचानक मौसम बदल गया और तेज हवाएं चलने के बाद बारिश होने लगी। इससे अचानक घर की दीवार चारों के ऊपर गिर गई। चारों को जख्मी हालत में मोगा सिविल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया, जहां से गुरमेल सिंह को गंभीर हालत में फरीदकोट रेफर कर दिया गया।
गुरमेल सिंह के बेटे मेहताब सिंह ने बताया कि गर्मी के कारण पूरा परिवार बाहर सो रहा था। मोगा सिविल अस्पताल की डॉक्टर कोमल ने बताया कि साठ साल के गुरमेल सिंह की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें फरीदकोट रेफर कर दिया गया। बाकी तीनों सिविल अस्पताल में भर्ती हैं और ठीक हैं।