पंजाब के बठिंडा में उस समय चीख-पुकार मच गई जब स्कूल के बच्चों को लेकर जा रहे एक ऑटो को फॉर्च्यूनर ने टक्कर मार दी। इस हादसे में कई बच्चे घायल हुए हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो और फॉर्च्यूनर क्षतिग्रस्त हो गई। हादसा वीरवार दोपहर में हुआ है।
बठिंडा की 100 फीट रोड पर तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर की टक्कर से स्कूली बच्चों से भरा ऑटो बीच सड़क पर पलट गया। हादसे में ऑटो में सवार 12 बच्चे घायल हो गए। जानकारी मिलते ही तुरंत सहारा जन सेवा की लाइफ सेविंग ब्रिगेड हेल्पलाइन टीम के सदस्य विक्की कुमार, संदीप गोयल और हरबंस सिंह तीन एंबुलेंस, नौजवान वेलफेयर सोसायटी के कार्यकर्ता भी एंबुलेंस लेकर लेकर घटनास्थल पर पहुंचे।
संस्था सदस्यों ने घायल बच्चों को तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में दाखिल करवाया। वहीं, हादसे की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम में दी गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के आधे घंटे बाद थाना सिविल लाइन की पुलिस घटनास्थल पर नहीं पहुंची, जबकि बच्चों को अस्पताल भी पहुंचाया जा चुका था।
वीरवार दोपहर को शहर के एक निजी स्कूल में पढ़ने वाले 12 के करीब बच्चे स्कूल छुट्टी के बाद ऑटो से घर जा रहे थे। जब वह शहर के 100 फीट रोड धोबियाना रोड दशमेश स्कूल के पास पहुंचे, तो एक तेज रफ्तार फार्च्यूनर गाड़ी ने स्कूली बच्चों के ऑटो के बीच टक्कर मार दी, जिससे ऑटो सड़क पर ही पलट गया और उसमें सवार स्कूली बच्चे घायल हो गए।
आसपास के दुकानदारों व राहगीरों ने समाजसेवी संस्थाओं की मदद से सभी बच्चों को तुरंत उपचार के लिए एंबुलेंसों की मदद से सरकारी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचाया, जहां बच्चा का इलाज किया गया।
दो बच्चों को लगी गंभीर चोटें
सिविल अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल आफिसर डॉ. हर्षित गोयल का कहना है कि इमरजेंसी वार्ड में करीब 12 बच्चे इलाज के लिए पहुंचे हैं, जिनमें से ज्यादातर बच्चों को मामूली चोटें आई थी, जिनका इलाज कर दिया गया है। दो बच्चों को गंभीर चोट आई हैं, उनका इलाज चल रहा है।
ये बच्चे हुए घायल
घायल बच्चों में अनीश पुत्री संतोष सिंह, हरप्रीत पुत्री मोहन सिंह, आर्यन पुत्र मिंटू, रौनक पुत्र सरवन सिंह, संजीत पुत्र रामदयाल दास, मीनाक्षी पुत्री सरवन सिंह, चांदनी पुत्री मोहन दास, शिवानी पुत्री तेजन मंडल, अंकुश पुत्र गंगाराम, रवीना पुत्री राजेंद्र दास, दिशा कुमारी पुत्री गणेश, राजू पुत्र रामदयाल के तौर पर हुई।