फाजिल्का-अबोहर मार्ग स्थित आत्म वल्लभ सीनियर सेकेंडरी स्कूल (एवी स्कूल) की एक अध्यापिका ने 9वीं कक्षा के छात्र को डंडे से इतनी बुरी तरह पीटा की वह बेहोश हो गया। छात्र के हाथ में सूजन आ गई है। परिजनों ने बच्चे को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया है। छात्र की पिटाई करने का कारण जूते न पहनकर आना बताया जा रहा है।
9वीं कक्षा के छात्र प्रेरक पुत्र विजय वर्मा वासी सलेमशाह बाजार ने बताया कि वह कई दिनों से यूनिफार्म के साथ वाले टूटे हुए जूते पहनकर जा रहा था। इसी वजह से परेड के दौरान शिक्षिका रानी ने डंडे से उसकी पिटाई कर दी। उस समय स्कूल की प्रिंसिपल संगीता तिन्ना भी मौजूद थीं। प्रेरक कहता रहा कि शू मार्केट के सदस्य एक सप्ताह से छुट्टी पर हैं जिसके कारण वह शू नहीं खरीद पाया लेकिन अध्यापिका ने उसकी एक नहीं सुनी और पीटना जारी रखा जिसके वह बेहोश हो गया। स्कूल के विद्यार्थियों ने उसे बेहोश अवस्था में घर भेजा।
बच्चा घर आया तो उसके पिता विजय वर्मा ने हाथों में सूजन देखकर उसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। विजय वर्मा ने बताया कि वह स्कूल में 10वीं कक्षा में पढ़ रही अपनी बेटी को भी उक्त स्कूल में नहीं पढ़ाएगा। प्रेरक का इलाज कर रही डाक्टर किरणदीप कौर ने भी हाथों में सूजन देखकर गहरी चोट की पुष्टि की है। पुलिस ने भी छात्र का बयान ले लिया है।
वहीं स्कू ल प्रिंसिपल का कहना है कि अभिभावक अपने बच्चे को स्कूल न भेजे। स्कूल में नियम के मुताबिक रहना होगा। जिला शिक्षा अधिकारी संदीप धूड़िया का कहना है कि किसी भी अध्यापक को स्कूल में विद्यार्थी को पीटने का अधिकार नहीं है। ऐसी बात है तो उक्त शिक्षक के खिलाफ बनती कार्रवाई की जाएगी