मक्खू के गांव मोजमगढ़ में वीरवार को अकाली नेता की तेज रफ्तार बस के नीचे कुचली गई दस साल की बच्ची के परिजनों को इंसाफ दिलवाने के लिए कांग्रेसी नेता इंद्रजीत सिंह जीरा ने मक्खू में 11 मेंबरी कमेटी गठित की है। अकाली नेता पीड़ित परिवार को गांव दयालपुर थाना भिखीविंड जिला तरनतारन छोड़ने की धमकी दे रहे हैं, इसीलिए मृतक बच्ची गुरप्रीत कौर की आत्मिक शांति के लिए मक्खू में शनिवार को अखंड पाठ का भोग रखा गया है।
कांग्रेसी नेता इंद्रजीत सिंह जीरा ने बताया कि वह शनिवार को पीड़ित परिवार के गांव दयालपुर गए थे। मृतक बच्ची गुरप्रीत कौर के पिता पलविंदर सिंह ने बताया कि अकाली नेता उन्हें गांव छोड़ने की धमकी दे रहे हैं।
यही नहीं उन्हें पुलिस कार्रवाई भी नहीं करने की बात कह रहे हैं। जीरा ने कहा कि पीड़ित परिवार की बातें सुनने के बाद उन्हें इंसाफ दिलवाने के लिए मक्खू में एक 11 मेंबरी कमेटी गठित की है, जो उक्त घटना की पूरी कार्रवाई करेगी और पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलवाएगी।
जीरा ने कहा कि कमेटी ने पुलिस को एक सप्ताह का समय दिया है ताकि न्यूदीप ट्रांसपोर्ट की बस के आरोपी चालक प्रदीप सिंह पुत्र नाजर सिंह वासी भगवान गढ़ थाना संगत मंडी जिला बठिंडा को जल्द गिरफ्तार करे। यदि एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं की गई तो बड़ा संघर्ष छेड़ा जाएगा।
न्यू दीप ट्रांसपोर्ट की एक और बस ने उक्त घटना से छह दिन पहले गांव चन्नू की रहने वाली छात्रा अर्शदीप कौर को कुचला था, जिसकी मौत हो गई थी।
जीरा ने बताया कि न्यूदीप ट्रांसपोर्ट के कई बस चालकों से बातचीत की तो उनका कहना है कि उनके मालिक तीन घंटे का सफर दो घंटे में पूरा करने को कहते हैं इसीलिए चालक बसें तेज रफ्तार में चलाते हैं। कसूर चालकों का नहीं बल्कि मालिकों का है।
जीरा ने बताया कि अकालियों के पास एक बस का परमिट है लेकिन उस पर पांच-पांच बसें चला रहे हैं, उन्हें पूछने वाला कोई नहीं है। जीरा ने हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस से मांग की है कि एक कमेटी गठित कर अकालियों की बसों की चेकिंग करे जिनके परमिट नहीं है उन बसों को कब्जे में लेकर नीलाम कर दे।
घटना की जांच कर रहे एएसआई कुलदीप सिंह का कहना है कि आरोपी चालक प्रदीप सिंह को पकड़ने के लिए छापामारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने बस अपने कब्जे में ली हुई है। जल्द ही आरोपी चालक को पकड़ लिया जाएगा।