पंजाब सरकार की नई आटा दाल स्कीम के तहत बीपीएल और एएवाई राशन कार्ड धारकों को आटा दाल स्कीम का मुफ्त आवेदन फार्म गांव के दुकानदार दस रुपये में बेच रहे है।
इसके विरोध बुधवार को गांव के लोगों ने प्रशासन से पत्रकारों के जरिए कार्रवाई करने की मांग की। पंजाब के मुख्यमंत्री और प्रकाश सिंह बादल और खाद्य आपूर्ति विभाग मंत्री आदेश प्रताप सिंह कैरों के दिशा निर्देशों पर आवेदन फार्म निशुल्क दिए जा रहे है।
सरकार की ओर से नेशनल फूड सिक्योरिटी एक्ट 2013 के तहत नई आटा दाल स्कीम के अंतर्गत बीपीएल और एएवाई राशन कार्ड धारकों को गेंहू और दाल वितरण के लिए नीले कार्ड बनाए जा रहे हैं। इसके लिए सुविधा सेंटर में निशुल्क आवेदन फार्म उपलब्ध करवाए गए है।
लेकिन गांवों के कुछ दुकानदार आम लोगों को यह फार्म निशुल्क की बजाए दस रुपये में दे रहे है। गांव कंधवाला अमरकोट निवासी दिलीप कुमार, नंद राम, मोहन लाल, राम चंद्र, रमेश, सुशीला सहारण, ओमप्रकाश, दीपक कुमार और राजकुमार ने कहा कि सरकार की ओर से मिल रही सुविधा का वे फायदा नहीं उठा पा रहे है।
इस संबंध में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी विकास बतरा ने कहा कि लोगों को अपनी शिकायत एसडीएम को दर्ज करवानी चाहिए, ताकि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उधर, एसडीएम परमजीत सिंह ने कहा कि मामला की जांच की जाएगी। फार्म बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश जारी किए जाएंगे।