अबोहर (फिरोजपुर)। सड़क हादसे में दो महिलाओं समेत चार की मौत हो गई। मंगलवार सुबह हनुमानगढ़-रावतसर सड़क मार्ग पर यह घटना कार और ट्रक की टक्कर के कारण र्हुई।
मरने वालों में दो एक ही परिवार के हैं। सभी मृतक गांव पंजकोसी के निवासी थे। वे कार में सवार होकर शादी समारोह में भाग लेने जयपुर जा रहे थे। हादसे में दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घायल लोग गांव चुहड़ीवाला धन्ना के निवासी हैं।
मामले में पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। गांव मौजगढ़ के पूर्व सरपंच राजेश जाखड़ के बेटी अपराजिता की शादी मंगलवार को जयपुर निवासी हरबिन्द्र सिंह बदेसरा के बेटे पुष्पिन्द्र के साथ होनी थी।
शादी में शामिल होने के लिए पंजाब विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता सुनील जाखड़ के पैतृक गांव पंजकोसी निवासी श्रीराम जाखड़ (55) अपनी पत्नी सुमन (50) व अबोहर में स्थित सांई मंदिर के निकट रहने वाले अपने भतीजे रविन्द्र उर्फ दारा (37) व उसकी पत्नी अनु (35) के साथ सुबह ही इनोवा कार से जयपुर के लिए रवाना हुए।
जब वे रावतसर के गांव ब्रह्मसर के निकट पहुंचे तो एक अन्य कार को ओवरटेक करने के दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रही एक ट्रक से जा टकराई। घटना में कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार श्रीराम जाखड़, उसकी पत्नी सुमन व रविन्द्र उर्फ दारा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अनु पत्नी रविन्द्र कुमार घायल हो गई।
इसी दौरान जिस कार को इन्होंने ओवर टेक किया था वह भी अनियंत्रित होकर ट्रक से रगड़ गई। इसमें सवार गांव चूहड़ीवाला धन्ना निवासी सुनील मलेठिया तथा चिमन लाल पुत्र पोखरराम गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे लोगों ने घायल अनु पत्नी रविन्द्र सहित तीनों को उपचार के हनुमानगढ़ के अस्पताल में दाखिल करवाया। जहां पर इलाज के दौरान अनु ने भी दम तोड़ दिया।
मृतक नेता प्रतिपक्ष के रिश्तेदार
हादसे में मारे गए सभी लोग पंजाब विधान सभा में प्रतिपक्ष के नेता सुनील जाखड़ के नजदीकी रिश्तेदार बताए जाते हैं। जबकि दूसरी कार में घायल सुनील मलेठिया पंजाब के पूर्व मंत्री चौ. सत्यदेव का भतीजा है।
मातम में बदलीं शादी की खुशियां
हादसे में चार लोगों की मौत की घटना से संबंधित परिवार में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। घटना की सूचना मिलते ही गांव पंजकोसी में कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतक श्रीराम के बेटे करन के बयानों पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।