पुलिस ने चोरी और लूटपाट करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को काबू कर उनके पास से दो देसी पिस्तौल, आठ कारतूस और चार लाख रुपये के सोने के जेवरात बरामद किए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
एसपी (डी) अमरजीत सिंह ने बताया कि दशमेश कालोनी मल्लांवाला रोड पर पुलिस ने नाकाबंदी की हुई थी। यहां से इको स्पोर्ट्स गाड़ी गुजरी जिसे पुलिस ने रुकवाकर शक के आधार पर तलाशी ली। गाड़ी में केवल सिंह व राजन उर्फ सैरी सवार थे। पुलिस ने इनसे पूछताछ की तो इनके पास दो देसी पिस्तौल 315 बोर और आठ कारतूस बरामद हुए।
सिंह ने बताया कि केवल पर थाना मल्लांवाला में नशीले पदार्थों का मामला दर्ज है जबकि राजन अपने साथी अमनदीप व वरिंदर सिंह के साथ काम करता था। इन्होंने मक्खू में एक मारुति कार लूटी थी। अमनदीप व वरिंदर फिरोजपुर सेंट्रल जेल में बंद हैं और राजन भगोड़ा था।
उधर, थाना सिटी पुलिस ने भजन उर्फ जोगी और सम्मा को गिरफ्तार किया है। भजन के खिलाफ थाना कैंट व सिटी में आठ परचे दर्ज हैं जबकि सम्मा के खिलाफ छह मामले दर्ज हैं। ये लोग लोगों के घरों में चोरी करते थे। पुलिस को इनके पास से चार लाख रुपये के सोने के जेवरात बरामद हुए हैं।