राज्य सरकार ने गांव बरगाड़ी में पावन ग्रंथ की बेअदबी मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन के दौरान पेश आए बहिबल गोली कांड में मारे गए दोनों सिख नौजवानों के परिजनों को सरकारी नौकरियां प्रदान कर दी हैं।
शुक्रवार को डीईओ कार्यालय में आयोजित एक समारोह में सीपीएस मनतार सिंह बराड़ ने गोलीकांड में शहीद हुए गांव नियामीवाला के कृष्ण भगवान सिंह के बेटे प्रभदीप सिंह और गांव सरावां के गुरजीत सिंह के भाई जगदीप सिंह को शिक्षा विभाग में सीनियर लैब अटेंडेंट (एसएलए) की नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे।
सीपीएस मनतार सिंह बराड़ ने कहा कि इस घटना के बाद राज्य सरकार ने दोनों परिवारों के परिजनों को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की थी और उन्हें उनकी योग्यता के अनुसार नियुक्त किया गया गया है।
समारोह में हलका जैतो के इंचार्ज व पूर्व विधायक प्रकाश सिंह भट्टी ने कहा कि उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल की अगुवाई में राज्य सरकार ने ना सिर्फ इन परिवारों को आर्थिक सहायता दी है बल्कि वादे के मुताबिक पारिवारिक सदस्यों को सरकारी नौकरी देकर अपनी जिम्मेदारी निभाई है।