संपत्ति के विवाद में एक बाप ने शादीशुदा इकलौते बेटे की हत्या की सुपारी दे डाली। सौदा 10 लाख में तय किया था। इसमें एक लाख एडवांस दे दिए थे। पुलिस ने आरोपी बाप को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना सदर में आरोपी पिता को मीडिया के समक्ष पेश कर डीएसपी (सिटी) दिग्विजय कपिल ने बताया कि अमरजीत सिंह ने कल ही सदर पुलिस को बताया कि उसके पिता तरसेम लाल शहर के साथ लगी बेशकीमती जमीन अपनी दूसरी पत्नी शरणजीत व उसकी बेटी कविता के नाम करते हुए मुझे मरवाना चाहते हैं।
इसके लिए दो युवकों बबलू निवासी रसूलपुर व पाली शाहपुर अरनियाला को सुपारी दी गई है। पुलिस अभी इस बात की जांच ही कर रही थी कि अमरजीत का फोन आया कि दोनों आरोपी बबलू व पाली अपने मोबाइल फोन से मुझे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
डीएसपी ने बताया कि अमरजीत की शिकायत पर फौरी कार्रवाई करते हुए बुधवार तड़के ही पुलिस ने आरोपी पिता तरसेम लाल को गिरफ्तार कर लिया। तरसेम ने पुलिस के समक्ष स्वीकार किया कि उसने बेटे की हत्या के लिए पाली व बबलू को दस लाख में सौदा कर एक लाख रुपए एडवांस दिया है।
डीएसपी ने बताया कि आरोपी तरसेम लाल को बुधवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट जसविन्दर सिंह की अदालत में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड मिला है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।