पंजाब सरकार उत्तराखंड में आई तबाही में क्षतिग्रस्त हुए केदारनाथ, बदरीनाथ
और गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब के पुनर्निमाण के लिए तीन-तीन करोड़
रुपये देगी।
यह पैसा मूलभूत ढांचे के लिए दिए जाने वाले एक करोड़ रुपये से अलग होगा। यह फैसला मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की आपात बैठक में लिया गया।
सोमवार को बैठक के बाद सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि मंत्रिमंडल ने इस तबाही में मरने वालों की याद में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।
मंत्रिमंडल ने दो मंदिरों और गुरुद्वारे को तीन-तीन करोड़ रुपये देने का फैसला किया। पंजाब सरकार ने उत्तराखंड त्रासदी से पीड़ित लोगों को हर तरह की सहायता देने का वादा किया।
मंत्रिमंडल ने इस आपदा के दौरान सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और अन्य एजेंसियों द्वारा किए गए कार्यों की प्रशंसा की।
मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों ने इस आपदा के कारण मुख्यमंत्री का विदेश दौरा बीच में छोड़कर वापस आने पर भी प्रशंसा प्रस्ताव पास किया।
मंत्रिमंडल ने पंजाब सरकार के सिविल और पुलिस अधिकारियों की राहत कार्यों में लगी टीमों की भी प्रशंसा की।
लोगों से भी इस दौरान दिल खोलकर राहत कोष में दान देने की अपील की गई। ताकि उत्तराखंड के लोगों को वहां फिर से रहने लायक माहौल बनाने में सहायता की जा सके।