खमानो थाना क्षेत्र में डिप्रेशन के शिकार एक 22 वर्षीय युवक नरेंद्र सिंह ने अपनी मां की गला दबाकर हत्या कर दी, जिसकी पहचान परमजीत कौर वार्ड नंबर एक खमानों के तौर पर हुई है। मां की हत्या के बाद आरोपी युवक ने कांच के टुकड़े से अपने गले और बाजू की नसे काटकर खुद को गंभीर रूप में जख्मी कर लिया। उसे चंडीगढ़ के सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
डीएसपी रमिंद्र सिंह काहलो ने बताया कि मृतका के पति दलबारा सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह अपनी पत्नी व बेटे को घर छोड़ खेतों में काम करने गया था। लगभग दो घंटे बाद घर लौटा तो देखा की घर की जाली का गेट बंद था और कुंडी अंदर लगी हुई थी। जब जाली में झांक कर देखा तो उसकी पत्नी बेड पर पड़ी थी और बेटा खून से लथपथ बेहोश पड़ा था। मौके पर पहुंचे लोगों की मदद से जाली का गेट तोड़कर जब अंदर गए तो उसकी पत्नी मृत पड़ी थी।
इसके बाद नरेंद्र को बेहोशी की हालत में स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां पर डाक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चंडीगढ़ रेफर कर दिया। डीएसपी ने बताया कि नरेंद्र सिंह डिप्रेशन का शिकार था और उसकी दवा भी चल रही थी। बताया कि पिछले वर्ष भी उसने घर के सामान में तोड़फोड़ भी की थी। पुलिस ने दलबारा सिंह के बयान पर कार्रवाई करते हुए नरेंद्र सिंह के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।