कार की बोनट पर चढ़ा पुलिसकर्मी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पंजाब के बटाला में नशा तस्करों ने पुलिसकर्मी पर कार चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिसकर्मी ने कार के बोनट पर चढ़कर अपनी जान बचाई। थाना घुमान के गांव बोलेवाल में नाकेबंदी के दौरान जब पुलिस ने एक कार सवार दो तस्करों को रोकने की कोशिश की तो तस्करों ने कार एक पुलिसकर्मी पर चढ़ा दी।
पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में था। इस संबंध में घुमान पुलिस ने हत्या के प्रयास और एनडीपीएस एक्ट के तहत दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। कार से पुलिस को 10 ग्राम हेरोइन भी मिली है। कार चालक दोनों आरोपी फिलहाल गिरफ्त से बाहर है। थाना घुमान के एसएचओ गुरदेव सिंह ने बताया पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव बोलेवाल के पास नाकाबंदी की थी।
इसी दौरान जब सफेद रंग की एक स्विफ्ट कार को रुकने का इशारा किया तो वह न रुकी। एक पुलिसकर्मी जगरूप सिंह ने कार को रोकने की कोशिश की लेकिन तस्करों ने जगरूप सिंह को टक्कर मार दी और जगरूप सिंह कार की बोनट पर चढ़ गया। तस्कर कार को भगाकर ले गए लेकिन पुलिस ने उनका पीछा किया, तब तक दोनों तस्कर एक प्लास्टिक का लिफाफा और कार छोड़कर फरार हो हो गए।
प्लास्टिक के लिफाफे से 10 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। घुमान पुलिस ने मनप्रीत निवासी घुमान और हरपाल सिंह उर्फ भाला निवासी भट्टीवाल घुमान के खिलाफ हत्या का प्रयास और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएचओ ने आगे बताया कि पुलिस उक्त दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। जल्दी ही फरार चल रहे दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।