पठानकोट में लगने वाले बॉर्डर एरिया में एक बार फिर से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई है। बीती रात बॉर्डर एरिया में ड्रोन एक्टिविटी देखी गई, जिसके बाद बीएसएफ व पुलिस जवानों ने सर्च ऑपरेशन चलाया।
पंजाब के पठानकोट में लगने वाली भारत-पाक सीमा से सटे गांव भगवाल में वीरवार रात 10 बजे लोगों ने ड्रोन मूवमेंट देखी। इसकी सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई। शुक्रवार सुबह से ही पाकिस्तान सीमा से लगभग एक किलोमीटर के एरिया पर बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन भी चलाया जा रहा है। सर्च ऑपरेशन में बीएसएफ और पुलिस के जवान शामिल हैं। हालांकि जवानों को कुछ संदिग्ध नहीं मिला है।
विज्ञापन
पठानकोट के बॉर्डर एरिया के अलग-अलग गांवों में बीते दिनों संदिग्ध व्यक्ति देखे जाने की घटना के बाद अब अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक ड्रोन एक्टिविटी की सूचना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। गांव भगवाल के सरपंच की सूचना के बाद सीमा सुरक्षा बल और पुलिस ने रात से ही इस क्षेत्र में घेराबंदी करते हुए सर्च अभियान शुरू कर दिया है।
विज्ञापन
गांव निवासी मक्खन सिंह और जनक राज ने रात 10 बजे के करीब भारत-पाकिस्तान सीमा रेखा से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर आसमान में एक लाल रंग की लाइट चमकती देखी। ध्यान देने पर वह एक ड्रोन गतिविधि थी, जिसकी आवाज भी ड्रोन जैसी ही सुनाई दे रही थी।
मक्खन सिंह मुताबिक उक्त ड्रोन जैसी दिखने वाली वस्तु को अन्य बाकी लोगों ने भी देखा। हालांकि अभी तक किसी प्रकार की कोई भी संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई है।
थाना नरोट जैमल सिंह के प्रभारी अंग्रेज सिंह ने बताया कि गांव भगवाल जो ड्रोन की सूचना मिली थी उसके बाद सर्च भी चलाया गया है। वहीं, एजेंसियों से पता चला है कि लोग जिसे ड्रोन समझ रहे थे वे एयरक्राफ्ट की गतिविधि थी क्योंकि सेना की तरफ से एयरक्राफ्ट अभ्यास भी करवाया जा रहा है।