पंजाब के अमृतसर स्थित निज्जरपुरा टोल प्लाजा पर मंगलवार को लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। क्योंकि यहां पनबस और टोल कर्मियों के बीच झगड़ा होने के बाद ट्रैफिक जाम लग गया, जिसमें सैकड़ों वाहन फंस गए।
अमृतसर के जीटी रोड स्थित निज्जरपुरा टोल प्लाजा पर उस समय हंगामा हो गया, जब एक पनबस ने वीआईपी लेन से गुजरने की कोशिश की। टोल कर्मियों ने बस को रोका तो विवाद बढ़ गया। इसके बाद वहां जमकर हंगामा हुआ और परेशानी लोगों को झेलनी पड़ी।
विज्ञापन
निज्जरपुरा टोल प्लाजा पर वीआईपी साइड लेन से बस निकालने को लेकर झगड़ा हो गया। इसके बाद टोल प्लाजा पर जाम लग गया और सैकड़ों वाहन मौके पर फंस गए। इनमें एक एंबुलेंस भी फंस गई। सूचना मिलने पर थाना जंडियाला पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह जाम खुलवाया।
जानकारी के मुताबिक टोल प्लाजा से प्राइवेट कंपनी की बस वीआईपी लेन से निकल गई। इसके बाद पनबस ने भी उसी लेन से निकलने की कोशिश की। इसी बात को लेकर मामूली झगड़ा शुरू हो गया। पनबस कर्मचारियों का आरोप था कि टोल कर्मचारी वीआईपी लेन से प्राइवेट बसों को तो निकाल देते हैं लेकिन सरकारी बसों वालों के साथ झगड़ा करते हैं, जबकि उनके सामने ही इन्होंने प्राइवेट बस को वीआईपी लेन से निकाला है।
विज्ञापन
वहीं, टोल कर्मचारियों का कहना है कि जब टोल की लाइनें खुली हुई है और भीड़ भी नहीं है तो पनबस वाले जानबूझकर वीआईपी लेन से बस निकालने की कोशिश करते हैं और मना करने पर झगड़ा करते हैं। एएसआई प्रभजीत सिंह ने कहा कि पनबस कर्मचारियों से बनते 120 रुपए के टोल का भुगतान करवाते हुए मामले को सुलझा लिया गया है और जाम खुलवा दिया गया है।