सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पंजाब के बठिंडा में मानसा रोड पर स्थित एक वर्कशाप में सोमवार सुबह एक युवक ने अपने रिवालवर से मैकेनिक पर गोली चला दी, लेकिन रिवालवर हिलने के चलते गोली हवा में चल गई, जिसके चलते मैकेनिक मक्खन सिंह बाल-बाल बच गया। गोली चलाने का कारण मैकेनिक द्वारा गाड़ी तय समय पर ठीक ना करके देना बताया जा रहा है।
वहीं घटना की सूचना मिलने पर पहुंची थाना केनाल पुलिस ने युवक जगदीप सिंह को हिरासत में लेकर उससे रिवालवर बरामद कर ली है और चैकिंग के दौरान उससे तीन ग्राम चिट्टा बरामद किया। पुलिस ने मैकेनिक मक्खन सिंह के बयान पर युवक जगदीप सिंह के खिलाफ इरादतन हत्या की कोशिश एवं नशा तस्करी के आरोप में केस दर्ज कर अगली कारवाई शुरू कर दी।
सोमवार शाम को डीएसपी सिटी विश्वजीत सिंह मान ने जानकारी देते हुए बताया कि जगदीप सिंह नामक युवक ने अपनी गाड़ी को ठीक करने के लिए मानसा रोड पर स्थित एसपी मोर्टस की वर्कशाप में लगाया था। जहां पर मैकेनिक ने उक्त गाड़ी 30 नवंबर को तय समय पर ठीक करके जगदीप को देनी थी।
उन्होंने बताया कि आज जब जगदीप गाड़ी लेने पहुंचा तो गाड़ी ठीक नहीं हुई थी। जिस का कारण मैकेनिक ने बताया कि उक्त युवक ने उनको पैसे नहीं दिए थे जिसके चलते गाड़ी ठीक नहीं की थी। डीएसपी ने बताया कि जब युवक गाड़ी लेने पहुंचा तो गाड़ी ठीक ना होने का जैसे ही उसे पता चला तो वो वर्कशाप में स्थित कर्मियों एवं मैकेनिक मक्खन सिंह के साथ बहसबाजी करने लगा और इसी दौरान उसने अपने 32 बोर के रिवालवर से मैकेनिक पर सीधा फायर किया, गनीमत रही कि हाथ हिलने के कारण फायर हवा में हो गया था।
डीएसपी ने बताया कि घटना के तुरंत बाद मैकेनिक ने पुलिस को सूचित किया तो मौके पर पहुंची थाना केनाल पुलिस ने युवक जगदीप सिंह को हिरासत में लेकर उससे 32 बोर का रिवालवर और चैकिंग दौरान उससे 3 ग्राम चिट्टा भी बरामद किया।
उन्होंने बताया कि मैकेनिक मक्खन सिंह के बयान पर युवक जगदीप सिंह के खिलाफ इरादतन हत्या की कोशिश एवं नशा तस्करी का केस दर्ज कर उसको गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा।