पूर्व केंद्रीय मंत्री संतोष चौधरी के होशियारपुर-जालंधर रोड पर पिपलांवाला इलाके में स्थित घर को चोरों ने निशाना बनाया।
संतोष चौधरी ने बताया कि वह घर में अकेली रहती हैं तथा वर्ष 2022 में पंजाब में नई सरकार बनने के बाद उनकी सुरक्षा वापस ले ली गई थी। उन्होंने बताया कि वह बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे वे जालंधर गई थीं और शाम करीब 7:30 बजे वापस लौटीं। जब वह घर के मुख्य दरवाजे का ताला खोलने लगीं तो उन्होंने पाया कि ताला टूटा हुआ था।
उन्होंने बताया कि जब वह अपने ड्राइवर और नौकर के साथ घर के अंदर दाखिल हुईं तो देखा कि घर के बाथरूमों में भारी तोड़फोड़ की गई थी। बाथरूम में लगे नल और अन्य फिटिंग्स चोरी कर लिए गए थे। चोरों ने बाथरूम और फिटिंग्स को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इसी प्रकार की तोड़फोड़ पहली मंजिल पर बने दो अन्य बाथरूमों में भी पाई गई।
घटना के बाद इलाके में दहशत और चिंता का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस चोरी से हुए नुकसान का आकलन करने और आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।