भारतीय सीमा के ऊपर मंडरा रहे ड्रोन पर बीएसएफ ने ताबड़तोड़ गोलियां दागी, जो बचकर पाक में प्रवेश कर गया। ड्रोन फेंसिंग के इस तरफ क्या सामग्री फेंक कर गया है, इसका सुराग लगाने के लिए बीएसएफ और पंजाब पुलिस ने स्पेशल सर्च अभियान शुरू किया है। यह घटना ममदोट से सटी बीएसएफ बटालियन-182 की डीआरडी नाथ पोस्ट के पास मंगलवार रात्रि साढ़े 10 बजे की है।
थाना लक्खोके बहराम के प्रभारी बच्चन सिंह ने बताया कि सीमा सुरक्षा बल की पोस्ट डीआरडी नाथ के पास गश्त कर रहे जवानों को आसमान पर पाक ड्रोन मंडराता हुआ दिखाई दिया। बीएसएफ ने इसे जमीन पर गिराने के लिए दनादन तकरीबन 30 गोलियां दागीं लेकिन ड्रोन सुरक्षित पाक में घुस गया। आशंका व्यक्त की जा रही है कि उक्त ड्रोन खेप फेंककर पाक लौट रहा था। वह क्या सामग्री फेंककर गया है, इसका सुराग लगाने को बीएसएफ और पंजाब पुलिस की टीम गांव गजनी वाला (दोना मत्तड़) के खेतों व अन्य क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू किया है। शाम तक टीम के हाथ कुछ नहीं लगा है।
सीमा पर मिले सात पैकेट, खोलने पर नमक निकला
पुलिस को सीमांत गांव गट्टी मस्तेके खेत से पीले रंग की टेप से लिपटे सात पैकेट मिले हैं, जब पुलिस ने इन्हें वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष खोला तो नमक की थैलियां निकली हैं। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व हुसैनीवाला बॉर्डर से सटे गांव टिंडी वाला के खेत से भी एक पीले रंग का पैकेट मिला था, जब उसे खोलकर देखा तो नमक था। इस प्रकार का यह दूसरा मामला सामने आया है।
पुलिस के मुताबिक उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि सीमांत गांव मस्तेके में हेरोइन के पैकेट पड़े हैं। पुलिस ने एक सफेद लिफाफे में पीले रंग की टेप से लिपटे सात पैकेट बरामद किए हैं। एसपी (डी) रणधीर कुमार के समक्ष उक्त पैकेट खोलकर देखे तो उनके अंदर से नमक की थैलियां निकली हैं। अधिकारी यह देखकर हैरान रह गए कि तस्कर इस प्रकार का खेल पुलिस संग खेल रहे हैं।