पंजाब के सरहिंद हमायूंपुर इलाके में एक व्यक्ति ने अपनी 8 माह की बेटी और पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। गंभीर हालात में उपचार के लिए दोनों को पहले सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब लाया गया जहां पर उसकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
महिला की पहचान मोनिका के तौर पर हुई है जोकि सेक्टर 32 के सरकारी अस्पताल में दाखिल है जबकि उसकी 8 माह की बेटी निशा पीजीआई चंडीगढ़ में दाखिल करवाई गई है। मौके से मिली जानकारी अनुसार पेंटर का कार्य करने वाला मोनिका का पति जगविंदर, अपनी पत्नी पर शक करता था।
इसी कारण दोनों में तकरार रहती थी। शनिवार को उसने अपनी पत्नी व बेटी पर उस समय पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी जब वह घर में सो रहीं थीं और खुद फरार हो गया। आग से झुलस रही मोनिका के शोर मचाने पर पड़ोसियों ने आग बुझाते हुए मामले की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल दाखिल करवाया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि आग लगने से मोनिका लगभग 75 फीसदी तथा उसकी बेटी निशा 25 फीसदी तक जल गई हैं, दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
सरहिंद थाना प्रभारी हरदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने जगविंदर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है । पुलिस उसकी गिरफ्तारी को लेकर तलाश कर रही है।