पीड़ित बलबीर सिंह खेतीबाड़ी करता है। सतनाम सिंह, उसकी पत्नी बलजीत कौर, बूटा सिंह, उसकी पत्नी रविंदर कौर व भूपिंदर सिंह करियाना स्टोर चलाते थे। आरोपियों ने बलबीर सिंह को झांसा दिया कि वह उसका पैसा पांच साल में डबल कर देंगे।
कपूरथला में एक किरयाना व्यापारी द्वारा एक व्यक्ति से पांच साल में पैसे दोगुने करने का लालच देकर 35 लाख रुपये की ठगी करने की मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत के बाद दो आरोपियों के खिलाफ थाना सदर में एफआईआर दर्ज की गई है। फिलहाल अभी किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
विज्ञापन
जांच अधिकारी एएसआई दविंदर पाल ने बताया कि पीड़ित बलबीर सिंह वासी गांव लोधी भुलाणा ने पुलिस को बताया था कि वह खेतीबाड़ी करता है। सतनाम सिंह, उसकी पत्नी बलजीत कौर, बूटा सिंह, उसकी पत्नी रविंदर कौर व भूपिंदर सिंह सभी निवासी गांव रावल, प्रीत नगर नजदीक गेट नं. 2 रेल कोच फैक्टरी कपूरथला गुरु रामदास मार्ट करियाना स्टोर के नाम पर कारोबार करते थे। पिछले करीब 8-10 साल से वह उन्हें जानता है। वह अपने घर के लिए करियाना का सामान इन्हीं से लेते थे।
दो वर्ष पहले जब वह अपने बेटे तेजबीर के साथ उनके करियाना स्टोर में घर का सामान लेने आए तो उन्होंने अपने कार्यालय में बिठा लिया और चाय-पानी पिलाने के बाद कहने लगे कि आप हमारे पुराने ग्राहक हो, वह उन्हें एक ऑफर देना चाहते है। उक्त लोगों ने हमें कहा कि वह पैसे डबल करने का काम करते है। 5 साल में दी रकम को डबल रकम वापस करते हैं। वह बहुत से लोगों को रुपये डबल करके दे चुके हैं।
विज्ञापन
सतनाम सिंह, बूटा सिंह व रविंदर कौर के बार बार कहने पर वह उनके झांसे में आ गए।
उक्त लोगों ने उनसे कहा कि वह हर माह उन्हें थोड़ी थोड़ी रकम अदा करते रहेंगे। जिसके बाद उनके द्वारा दिए गए बैंक अकाउंट नंबरों पर अलग-अलग समय में 35 लाख रुपये डाल दिए। बाद में और पैसे हड़पने के लिए लालच देते रहे और सात माह तक एक-एक लाख रुपये अदा करते रहे। फिर कहने लगे कि और रुपये इन्वेस्ट करो। जब और रुपये इन्वेस्ट करने से मना किया तो उन्होंने अगले माह ही पैसे देने बंद कर दिए।
आरोपियों ने उनसे पैसे डबल करने का झांसा देकर 35 लाख रुपये हड़पे हैं। कई बार उसने अपने पैसे वापस मांगे, मगर उक्त लोगों ने दी हुई रकम वापस नहीं की। जिसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को कर दी। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी सतनाम सिंह व भूपिंदर सिंह पर लगे सभी आरोप सही पाए। जिस कारण पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल अभी किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।