बटाला में सब्जी लेकर आ रहे एक इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी और सब्जी मंडी के पार्किंग ठेकेदार पर्ची कटाने के मुद्दे को लेकर आमने-सामने हो गए। विवाद के दौरान पार्किंग ठेकेदार ने कबड्डी खिलाड़ी के पैरों में गोली चला दी लेकिन कबड्डी खिलाड़ी बाल-बाल बच गया। फायरिंग करने के बाद मंडी की पार्किंग का ठेकेदार मौके से अपने साथियों के साथ फरार हो गया। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अपनी जांच शुरू कर दी है।
अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी जर्मनजीत सिंह निवासी गांव हसनपुर कलां ने बताया कि उसके घर में समारोह था। वह अपने घर के लिए सब्जी मंडी से सब्जी खरीदकर अपनी कार में जा रहा था। जब वह सब्जी मंडी के गेट नंबर 2 पर पहुंचा तो वहां पर खड़े मंडी की पार्किंग के ठेकेदार और रिटायर फौजी ने उसकी कार को रोका और पर्ची कटवाने को कहा।
जब जर्मनजीत ने ऐसा करने से इनकार कर दिया तो दोनों में गाली-गलौच होने लगा। इसी विवाद के दौरान ठेकेदार ने दो फायर कर दिए जिसमें जर्मनजीत सिंह बाल बाल बच गए। फायर करने के बाद सब्जी पार्किंग का ठेकेदार अपने दो अन्य साथियों के समेत मौके से फरार हो गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे डीएसपी ललित कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। गोली चलाने का आरोपी फरार है। मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जा रही है।