सीमा से बरामद हेरोइन के पैकेट।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पंजाब के फिरोजपुर में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने सरहद से 125 करोड़ रुपये की 25 किलो हेरोइन पकड़ी है। फेंसिंग में प्लास्टिक का पाइप डालकर भारतीय सीमा में पाकिस्तानी तस्कर हेरोइन के पैकेट फेंक रहे थे। पाक तस्करों की हरकत महसूस होते ही बीएसएफ ने घनी धुंध व अंधेरे में ताबड़तोड़ 25 गोलियां दागीं। पाक तस्कर हेरोइन छोड़कर भाग निकले। घटना बीएसएफ की बीओपी एनएस (नत्था सिंह वाला) क्षेत्र में मंगलवार रात की है।
बीएसएफ बटालियन-160 के अधिकारियों का कहना है कि उनके जवान फेंसिंग के साथ-साथ गश्त कर रहे थे। पाक तस्कर रात्रि पौने दो बजे 20 फुट लंबी और चार इंच चौड़ी प्लास्टिक की पाइप फेंसिंग में डालकर भारतीय सीमा में हेरोइन के पैकेट फेंक रहे थे। बीएसएफ ने तस्करों की हरकत महसूस की और उसी दिशा में 25 गोलियां दागीं।
बीएसएफ की ताबड़तोड़ फायरिंग ने पाकिस्तानी तस्करों को भागने में मजबूर कर दिया। बुधवार सुबह उक्त स्थल पर सर्च अभियान चलाने पर बीएसएफ को 25 पैकेट हेरोइन मिली। हर पैकेट का वजह एक किलो है। हेरोइन की कीमत 125 करोड़ रुपये आंकी गई है। अधिकारियों का कहना है कि इन दिनों घनी धुंध पड़ रही है। यही वजह है कि दोनों देश के तस्कर सरहद पर सक्रिय हो गए हैं। कमांडेंट कैलाश मेहता का कहना है कि बीएसएफ ने सरहद पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। चौकसी के कारण ही इतनी बड़ी सफलता मिली है।