एसएसपी भूपिंदरजीत सिंह विर्क ने मंगलवार को मीडिया को बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया कि एएसआई गुरविंदर सिंह पकडे़ गए युवक की मां को अपने साथ संबंध बनाने के लिए मजबूर कर रहा था। महिला के बयान के अनुसार आरोपी एएसआई ने 10 मई को आदेश अस्पताल के नजदीक किसी जगह पर उसके साथ जबरदस्ती संबंध बनाए और फिर उसे भुच्चो छोड़ दिया।
एसएसपी ने बताया कि एएसआई 11 मई रात को फिर से महिला के साथ उसके घर में था तो गांव वालों एवं महिला के परिजनों ने उसे मौके पर पकड़ लिया। पुलिस ने महिला का मेडिकल करवाने के बाद उसके बयान दर्ज कर आरोपी एएसआई के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी एएसआई को नौकरी से बर्खास्त करने के लिए विभाग को लिखा गया है।
एसएसपी ने बताया कि पीड़ित महिला के बेटे पर आरोपी एएसआई ने जो 400 ग्राम अफीम पकडे़ जाने के तहत नशा तस्करी का केस दर्ज किया है, उसकी भी गहराई से जांच करवाई जाएगी। एसएसपी ने कहा कि पूरे मामले में जांच के दौरान अगर किसी अन्य पुलिस कर्मी की शमूलियत सामने आती है तो उसके खिलाफ भी केस दर्ज किया जाए।
वहीं महिला ने बताया कि पुलिस ने उसके बेटे पर झूठा केस दर्ज किया है। पुलिस ने उसके बेटे को अफीम सहित पकडे़ जाने की जो जगह दिखाई, वह गलत है। एएसआई ने उसके बेटे को घर से उठाया था। महिला ने बताया कि उसका बेटा कोरोना संक्रमित था।
महिला ने डीजीपी एवं पंजाब के मुख्यमंत्री से मांग की कि आरोपी एएसआई गुरविंदर सिंह के फोन की 6 मई की पूरी लोकेशन एवं कॉल डिटेल निकलवाई जाए और उसके बेटे पर दर्ज किए गए झूठे केस को खारिज किया जाए। महिला ने आरोप लगाया कि 6 मई को जब एएसआई ने उसके बेटे को घर से उठाया था तो उसके घर में पडे़ 60 हजार रुपये भी आरोपी एएसआई ले गया था। इसके बाद आरोपी एएसआई ने उससे एक लाख रुपये बतौर रिश्वत लिए थे। महिला के आरोपों पर एसएसपी ने कहा कि रिश्वत लेने के आरोप की भी गहराई से जांच की जाएगी।
विधवा महिला के साथ दुराचार करने की घटना पर स्वत: संज्ञान लेते हुए पंजाब राज्य महिला आयोग ने बठिंडा के एसएसपी से 17 मई तक स्टेटस रिपोर्ट तलब की है। आयोग की चेयरपर्सन मनीषा गुलाटी ने बताया कि यह मामला मीडिया द्वारा उनके ध्यान में आया था। अपने आदेश में उन्होंने एसएसपी बठिंडा को इस मामले की किसी सीनियर अधिकारी से जांच करवाते हुए आयोग को 17 मई तक ई-मेल द्वारा स्टेटस रिपोर्ट भेजने को कहा है ताकि इस केस पर अगली कार्रवाई की जा सके।